35 साल बाद बदलेगी हरिओम नगर की तस्वीर: 220 मीटर सड़क-नाली निर्माण का शिलान्यास

शकील अहमद

सरोजनीनगर, लखनऊ। राजधानी लखनऊ के सरोजनी नगर द्वितीय वार्ड 18 के अंतर्गत हरिओम नगर की गली नंबर 5 में लंबे समय से चली आ रही सड़क और जल निकासी की समस्या के समाधान की दिशा में एक अहम कदम उठाया गया।

मुकेश पुरी के घर से लेकर प्रदीप और रमाकांत के घर तक लगभग 220 मीटर लंबी और 5 मीटर चौड़ी सड़क एवं नाली निर्माण कार्य का शिलान्यास 19 फरवरी 2026, बृहस्पतिवार को पार्षद रामनरेश रावत की उपस्थिति में किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत विधि-विधान से पूजा-अर्चना के साथ हुई। पार्षद रामनरेश रावत ने मंडल उपाध्यक्ष राजन गुप्ता और पारस पांडे से नारियल फुड़वाकर तथा अभय द्विवेदी से फावड़ा चलवाकर निर्माण कार्य का शुभारंभ कराया। कार्यक्रम में पार्टी कार्यकर्ता और मंडल के पदाधिकारी भी मौजूद रहे।

पार्षद प्रतिनिधि संतोष त्रिपाठी ने बताया कि हरिओम नगर की यह सड़क लगभग 35 वर्षों से कच्ची पड़ी थी और जल निकासी की कोई समुचित व्यवस्था नहीं थी। बरसात के मौसम में पूरा मार्ग जलमग्न हो जाता था, जिससे बुजुर्गों, महिलाओं और स्कूली बच्चों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। यह मार्ग मुख्य सड़क से जुड़ा होने के बावजूद लंबे समय से उपेक्षित था।

उन्होंने जानकारी दी कि महापौर सुषमा खर्कवाल और विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह की पहल से डूडा निधि के तहत 25 लाख रुपये की लागत से इंटरलॉकिंग सड़क और नाली का निर्माण किया जाएगा। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद क्षेत्रवासियों को आवागमन में बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

शिलान्यास के दौरान स्थानीय लोगों में उत्साह देखने को मिला। निवासियों ने पार्षद का फूलमालाओं से स्वागत किया। पार्षद ने भी बुजुर्गों का सम्मान करते हुए उन्हें मालाएं पहनाईं। कार्यक्रम के दौरान लोगों ने खुशी जाहिर करते हुए एक-दूसरे को मिठाई खिलाई।

स्थानीय निवासियों की ओर से पार्षद प्रतिनिधि संतोष त्रिपाठी ने विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह, महापौर सुषमा खर्कवाल और पार्षद रामनरेश रावत का आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में रितेश दुबे, फूलचंद गौतम, प्रदीप, संजय, अनिल दुबे, ए.के. सिंह, रवि कुमार, महेंद्र, प्रिंस, विकास त्रिपाठी, संतोष देवी, नंदिनी, शोभा, केतकी, किरण सहित बड़ी संख्या में हरिओम नगर के निवासी उपस्थित रहे।

Share this article

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts