महाराजगंज: 100 छात्रों की गोरखपुर शैक्षिक यात्रा शुरू, बीआरसी से बस को दिखाई गई हरी झंडी

सौरभ जायसवाल

बृजमनगंज, महाराजगंज।  राष्ट्रीय अविष्कार कार्यक्रम के तहत ब्लॉक स्तरीय क्विज प्रतियोगिता में शामिल 100 छात्रों को गोरखपुर के विभिन्न शैक्षिक स्थलों के भ्रमण के लिए एक्सपोजर विजिट पर भेजा गया।

आदर्श नगर पंचायत बृजमनगंज, वार्ड नंबर 9 स्थित बीआरसी परिसर से रवाना हुई बस को नगर पंचायत अध्यक्ष राकेश जायसवाल और खंड शिक्षा अधिकारी अगणित कुमार ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

यह शैक्षिक भ्रमण कार्यक्रम विद्यार्थियों के ज्ञानवर्धन और व्यावहारिक अनुभव को समृद्ध करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया है। कार्यक्रम के तहत चयनित छात्र गोरखपुर के प्रमुख शैक्षिक एवं सांस्कृतिक स्थलों का दौरा करेंगे।

किन-किन स्थलों का करेंगे भ्रमण

एक्सपोजर विजिट के दौरान छात्र गोरखपुर चिड़ियाघर, तारामंडल, नौका विहार, गोरखनाथ मंदिर, रेलवे म्यूजियम और एम्स सहित कई महत्वपूर्ण स्थलों का भ्रमण करेंगे। इन स्थलों के माध्यम से विद्यार्थियों को विज्ञान, इतिहास, संस्कृति और आधुनिक चिकित्सा संस्थानों के बारे में प्रत्यक्ष जानकारी मिलेगी।

ज्ञान और अनुभव बढ़ाने की पहल

शिक्षकों के अनुसार इस तरह की शैक्षिक यात्राएं बच्चों के सर्वांगीण विकास में सहायक होती हैं। इससे छात्रों को पुस्तकीय ज्ञान के साथ-साथ व्यावहारिक समझ विकसित करने का अवसर मिलता है।

यात्रा के दौरान विद्यार्थियों के साथ अध्यापक विनय कुमार पाठक, अखिलेश कुमार यादव, पंकज कुमार गुप्ता, कमलेश सिंह, राकेश यादव और अविनाश चौरसिया मौजूद रहेंगे। शिक्षकों ने कहा कि यह भ्रमण विद्यार्थियों के लिए सीखने और नए अनुभव प्राप्त करने का महत्वपूर्ण अवसर साबित होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *