लखनऊ के सरोजनी नगर में युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, पुलिस जांच में जुटी

शकील अहमद

सरोजनी नगर, लखनऊ। राजधानी लखनऊ के सरोजनी नगर थाना क्षेत्र के चिल्लावा गांव में गुरुवार की सुबह एक युवक द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान राजमिस्त्री फूलचंद्र (30 वर्ष) के रूप में हुई है। सुबह लगभग 9 से 10 बजे के बीच उन्होंने अपने निजी आवास में फंदे से लटककर जान दे दी। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और स्थानीय लोग घर के बाहर एकत्र हो गए।

जानकारी के मुताबिक, फूलचंद्र अपनी पत्नी सोनी, दो वर्षीय बेटे विनायक और माता मीना के साथ रहकर जीवन यापन कर रहे थे। परिवार का मुख्य सहारा होने के कारण इस घटना से घर में गहरा सदमा छा गया है।

सरोजनीनगर थाना प्रभारी ने बताया कि मृतक के पास से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। आत्महत्या के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस परिजनों एवं आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और सभी संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है।

शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने कहा है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के कारणों के बारे में स्पष्ट जानकारी दी जा सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *