शकील अहमद
लखनऊ। सरोजनीनगर विधानसभा क्षेत्र में जनसेवा, पारदर्शिता और जनप्रतिबद्धता को मजबूत करने के उद्देश्य से ‘आपका विधायक – आपके द्वार’ अभियान के अंतर्गत 159वाँ जनसुनवाई शिविर डूडा कॉलोनी, चरण भट्ठा रोड पर आयोजित किया गया।

यह शिविर क्षेत्रीय विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने अपनी समस्याएँ और सुझाव रखे।
शिविर के दौरान टीम राजेश्वर ने क्षेत्र के नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके समाधान के लिए संबंधित विभागों को निर्देश दिए।
यह जनसुनवाई केवल औपचारिकता नहीं बल्कि जनविश्वास को मजबूत करने वाला मंच बनकर उभरा, जहाँ लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए सीधे प्रतिनिधियों तक पहुँचने का अवसर मिला।
कार्यक्रम में विभिन्न प्रशासनिक प्रक्रियाओं को भी पूरा कराया गया। विजन प्लस के सहयोग से आयोजित निःशुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर में 56 वरिष्ठ नागरिकों की आँखों की जांच की गई और उन्हें आवश्यक दवाइयाँ तथा चिकित्सकीय परामर्श दिया गया।
इसके अतिरिक्त दो वृद्धजनों के आयुष्मान कार्ड तथा दो नागरिकों के आय प्रमाण पत्र भी बनवाए गए, जिससे उन्हें सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सके।
शिविर में शिक्षा और प्रतिभा को प्रोत्साहित करने की दिशा में भी पहल की गई। हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले चार मेधावी छात्र-छात्राओं वैभव अवस्थी (80.4%), खुशबू (81.8%), अल्शिफा (85.2%) और अरना अग्रवाल (85.4%) को साइकिल, घड़ी और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को शिक्षा के प्रति प्रेरित करना और उनकी उपलब्धियों को सम्मान देना था।
युवाओं को खेल और सामाजिक गतिविधियों से जोड़ने के लिए कार्यक्रम में स्पोर्ट्स किट का वितरण भी किया गया। साथ ही 109वें गर्ल्स यूथ क्लब और 173वें बॉयज यूथ क्लब का गठन कर युवाओं को खेल, नेतृत्व और सामाजिक विकास की गतिविधियों से जोड़ने की पहल की गई।
जनसुनवाई शिविर के दौरान कुल 35 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 4 मामलों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जबकि शेष प्रकरणों को संबंधित विभागों को भेजते हुए उनके शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर पूज्य माता तारा सिंह जी की प्रेरणा से संचालित ‘तारा शक्ति निःशुल्क रसोई’ के माध्यम से ग्रामीणों को भोजन वितरित किया गया। इस सेवा कार्य ने कार्यक्रम को सामाजिक संवेदना और सहयोग का स्वरूप प्रदान किया।
कार्यक्रम में डॉ. रीना उपाध्याय, पार्षद मनोज रावत, मंडल मंत्री अजय कुमार सिंह, बूथ अध्यक्ष वीरेंद्र कुमार सिंह सक्सेना, अध्यक्ष डूडा अयुब कुरैशी, सह संयोजक बीनू मिश्रा, आर.के. मिश्रा, दिलीप सिंह, नीरज शुक्ला, अमरेंद्र सिंह, उमेश मिश्रा, राधेश्याम, वीरेंद्र, मोहम्मद सईद, बल्लू गौतम, खुर्शीद अली, विमला देवी, रणविजय सिंह फौजी, फरीदा बानो सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
‘आपका विधायक – आपके द्वार’ अभियान को जनसंवाद और जनसेवा की सतत पहल के रूप में देखा जा रहा है, जहाँ संवाद के माध्यम से समाधान का मार्ग प्रशस्त होता है और लोकतंत्र की शक्ति सीधे जनता के द्वार तक पहुँचती है।


















