बहराइच में “मिशन शक्ति 5.0” अभियान: बाजारों और चौराहों पर महिलाओं को किया गया जागरूक

रवि सोनी

बहराइच। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित “मिशन शक्ति 5.0” अभियान के अंतर्गत जनपद बहराइच के सभी थानों में गठित मिशन शक्ति टीमों द्वारा विभिन्न स्थानों पर भ्रमण कर महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों एवं सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।

इस अभियान के तहत महिला पुलिसकर्मियों ने प्रमुख बाजारों, कस्बों, चौराहों, धार्मिक स्थलों तथा अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं और बालिकाओं को उनकी सुरक्षा, सशक्तिकरण और स्वावलंबन से संबंधित योजनाओं की जानकारी दी गई। अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने महिलाओं को सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया।

इनमें मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना, उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन, राष्ट्रीय पोषण योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, पीएम स्वनिधि योजना, पीएम सम्मान निधि योजना, आयुष्मान योजना, सुरक्षित मातृत्व आश्वासन सुमन योजना, महिला शक्ति केंद्र योजना तथा मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना जैसी योजनाएँ प्रमुख रूप से शामिल रहीं।

इसके साथ ही महिलाओं को वन स्टॉप सेंटर की सेवाओं के बारे में भी जानकारी दी गई, जहां महिला उत्पीड़न से संबंधित मामलों में सहायता उपलब्ध कराई जाती है।

जागरूकता अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने महिलाओं को विभिन्न महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी। इनमें वीमेन पावर लाइन 1090, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, स्वास्थ्य सेवा हेल्पलाइन 102, एम्बुलेंस सेवा 108, महिला हेल्पलाइन 181 तथा साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 शामिल हैं।

महिला पुलिसकर्मियों ने महिलाओं को इन हेल्पलाइन सेवाओं के उपयोग के बारे में भी जानकारी दी तथा मोबाइल फोन के माध्यम से इमरजेंसी कॉल और पैनिक बटन का डेमो देकर उन्हें जागरूक किया। इसके अलावा पंपलेट वितरित कर महिलाओं को सरकारी योजनाओं और सुरक्षा उपायों के बारे में बताया गया।

पुलिस विभाग का कहना है कि मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के प्रति जागरूक करना है, ताकि वे अपने अधिकारों के प्रति सजग रहें और किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तुरंत सहायता प्राप्त कर सकें।

Share this article

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts