लखनऊ में बेटी बचाओ–बेटी पढ़ाओ पर संगोष्ठी, मेधावी छात्र व मातृशक्ति सम्मानित

[post-views]

शकील अहमद

बिजनौर (सरोजनीनगर, लखनऊ)। राजधानी लखनऊ के सरोजनीनगर क्षेत्र अंतर्गत प्राथमिक विद्यालय अलीनगर खुर्द, बिजनौर में “बेटी बचाओ–बेटी पढ़ाओ” विषय पर जागरूकता संगोष्ठी, सम्मान समारोह और स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में बालिकाओं की शिक्षा, सुरक्षा और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाने पर विशेष जोर दिया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एससी/एसटी आयोग के अध्यक्ष बैजनाथ रावत रहे, जबकि विशिष्ट अतिथियों में एसीपी कृष्णा नगर रजनीश वर्मा, प्रभारी निरीक्षक बिजनौर कपिल गौतम, चौकी प्रभारी माती अभिराम शुक्ला तथा उपनिरीक्षक शशि बाला उपस्थित रहे। कार्यक्रम में कई सामाजिक संगठनों और शिक्षाविदों की भी सक्रिय भागीदारी रही।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि द्वारा दीप प्रज्वलन से हुआ। इसके बाद विद्यालय के बच्चों ने संस्कृत वंदना प्रस्तुत की और सांस्कृतिक नृत्य एवं नाटक के माध्यम से बेटी बचाओ–बेटी पढ़ाओ के संदेश को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। संगोष्ठी के दौरान वक्ताओं ने बालिकाओं की शिक्षा, सुरक्षा और संस्कारों के महत्व पर विस्तार से चर्चा की।

मुख्य अतिथि बैजनाथ रावत ने अपने संबोधन में कहा कि बच्चों को अच्छे संस्कार सबसे पहले घर से मिलते हैं। उन्होंने कहा कि माता-पिता को बेटियों के साथ-साथ बेटों को भी यह शिक्षा देनी चाहिए कि वे महिलाओं का सम्मान करें और उनकी सुरक्षा का ध्यान रखें।

उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजें और उन्हें शिक्षित बनाएं। उन्होंने यह भी कहा कि बच्चों को बचपन से ही स्वतंत्रता और स्वच्छंदता के बीच का अंतर समझाना आवश्यक है।

विशिष्ट अतिथि एसीपी कृष्णा नगर रजनीश वर्मा ने कानून की जानकारी के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि शिक्षित बेटी अपने अधिकारों को समझती है और समाज में अपराध के खिलाफ मजबूत आवाज बन सकती है। उन्होंने सभी अभिभावकों से बेटियों को उच्च शिक्षा तक पढ़ाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में आर.के. विश्वकर्मा (डायरेक्टर, एंटी करप्शन एंड क्राइम ब्यूरो ट्रस्ट), आशीष सिंह (अध्यक्ष, आदर्श प्रेस क्लब), अभिषेक सिंह चौहान (डायरेक्टर, आर्य लाइब्रेरी) और सेवक राम कनौजिया (डायरेक्टर, सर्वांगीण विकास) ने सहयोग किया। आयुष अस्पताल की ओर से डॉ. संदीप शुक्ला, महिला स्वास्थ्य विशेषज्ञ डॉ. अफसाना और उनकी टीम ने स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर महिलाओं और बच्चियों की स्वास्थ्य जांच की तथा आवश्यक दवाइयां वितरित कीं।

विद्यालय की ओर से उपस्थित महिलाओं और छात्राओं को सेनेटरी पैड वितरित किए गए। साथ ही इक्कीस मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान उन माताओं और दादियों को भी साड़ी और माल्यार्पण कर सम्मानित किया गया, जिन्होंने पूरे वर्ष अपने बच्चों को नियमित, स्वच्छ और अनुशासित रूप से विद्यालय भेजा।

कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिसर में “एक पेड़ बेटी के नाम” अभियान के तहत आम, अमरूद और अन्य छायादार पौधों का वृक्षारोपण किया गया। वरिष्ठ सेवानिवृत्त शिक्षक सेवक राम कनौजिया ने शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बच्चों को जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा दी।

इस अवसर पर रीना त्रिपाठी (अध्यक्ष, महिला प्रकोष्ठ, सर्वजन हिताय संरक्षण समिति) द्वारा अतिथियों से वृक्षारोपण कराया गया और विद्यालय परिवार की ओर से सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम में उषा त्रिपाठी, सुमन दुबे, रश्मि प्रधान, गीता वर्मा, आभा शुक्ला, नसीम सहर, पूनम यादव, छायारानी सहित अनेक शिक्षक और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Share this article

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts