बृजमनगंज में गैस के लिए मची अफरा-तफरी, घंटों लाइन में खड़े रहने को मजबूर लोग

सौरभ जायसवाल

बृजमनगंज (महराजगंज)। बृजमनगंज विकास खंड क्षेत्र तथा नगर पंचायत में इन दिनों रसोई गैस की किल्लत से आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। गैस सिलेंडर लेने के लिए उपभोक्ताओं को घंटों तक लाइन में खड़े रहना पड़ रहा है, इसके बावजूद कई लोगों को खाली हाथ वापस लौटना पड़ रहा है।

गैस एजेंसी में लगी उपभोक्ताओं की भीड़

ग्राम शाहाबाद स्थित आदर्श इंडेन गैस सर्विस सहित अन्य गैस गोदामों पर बड़ी संख्या में उपभोक्ता गैस लेने के लिए पहुंचे। सुबह से ही लोगों की लंबी कतारें लग गईं और कई घंटे इंतजार करने के बाद भी अधिकांश लोगों को सिलेंडर नहीं मिल सका। इससे उपभोक्ताओं में नाराजगी और असंतोष देखा गया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि गैस एजेंसियों द्वारा अक्सर गैस की कमी बताकर उपभोक्ताओं को परेशान किया जा रहा है। कई लोगों का आरोप है कि समय पर गैस उपलब्ध नहीं होने के कारण घरों की रसोई ठंडी पड़ गई है और लोगों को खाना बनाने में कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है।

उपभोक्ताओं के अनुसार, गैस लेने के लिए सुबह से ही लाइन लगानी पड़ती है और कई बार पूरे दिन इंतजार के बाद भी सिलेंडर नहीं मिल पाता। खासकर महिलाओं और बुजुर्गों को इस समस्या के कारण काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

हालांकि प्रशासन की ओर से जिले में गैस की किसी भी प्रकार की कमी से इनकार किया जा रहा है। इस संबंध में उपजिलाधिकारी फरेंदा शैलेंद्र गौतम ने कहा कि तहसील क्षेत्र में रसोई गैस की कोई कमी नहीं है और सभी एजेंसियों को उपभोक्ताओं को नियमानुसार गैस उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

इसके बावजूद क्षेत्र में गैस के लिए लंबी कतारें और उपभोक्ताओं की परेशानी प्रशासनिक दावों पर सवाल खड़े कर रही हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि गैस वितरण व्यवस्था को सुचारु बनाया जाए, ताकि उपभोक्ताओं को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।

Share this article

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts