हज 2026 के लिए बड़ा अपडेट: यात्रियों को मिलेगी स्मार्टवॉच, जरूरी दिशा-निर्देश जारी

रायबरेली। हज-2026 की यात्रा को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए हज कमेटी ऑफ इंडिया द्वारा जरूरी दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी महिमा ने बताया कि उत्तर प्रदेश राज्य हज समिति, मौलाना अली मियां मेमोरियल हज हाउस लखनऊ के माध्यम से यह जानकारी दी गई है।

उन्होंने बताया कि हज कमेटी ऑफ इंडिया, मुंबई द्वारा तीसरी और अंतिम किस्त की धनराशि की घोषणा 15 मार्च 2026 तक की जाएगी। हालांकि इस राशि में कैटरिंग शुल्क शामिल नहीं होगा, जिसे हज यात्रियों को अलग से बाद में जमा करना होगा।

मक्का में नहीं होगी अलग-अलग किचन व्यवस्था

हज-2026 में मक्का में स्वयं की किचन व्यवस्था समाप्त कर दी गई है। सभी हज यात्रियों को कैटरिंग व्यवस्था के तहत भोजन उपलब्ध कराया जाएगा। विभिन्न राज्यों के खान-पान को देखते हुए इस बार एक कॉमन फूड मेन्यू पर विचार किया जा रहा है, ताकि सभी यात्रियों को एक समान भोजन व्यवस्था मिल सके।

हर हज यात्री को दी जाएगी स्मार्टवॉच

हज यात्रा के दौरान सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रत्येक हज यात्री को उड़ान स्थल पर बुकिंग के बाद एक स्मार्टवॉच प्रदान की जाएगी। इस स्मार्टवॉच में यात्री की यात्रा से संबंधित सभी विवरण दर्ज होंगे।
यह स्मार्टवॉच भारत में काम नहीं करेगी, बल्कि सऊदी अरब पहुंचने के बाद स्वतः सक्रिय हो जाएगी।

इसमें जीपीएस प्रणाली लगी होगी, जिससे यदि कोई यात्री रास्ता भटक जाए या किसी समस्या में फंस जाए तो वह घड़ी में लगे बटन को दबाकर सीधे कंट्रोल रूम को संकेत भेज सकता है। इसके बाद यात्री की लोकेशन का पता लगाकर उसकी मदद की जा सकेगी।

अधिकारियों ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे स्मार्टवॉच को हमेशा चार्ज रखें, क्योंकि डिस्चार्ज होने पर यह सुविधा काम नहीं करेगी।

उड़ान से पहले बुकिंग कराना अनिवार्य

सभी चयनित हज यात्रियों को उड़ान तिथि आवंटित कर दी गई है। यात्रियों को उड़ान से दो दिन पहले निर्धारित एयरपोर्ट पर पहुंचकर अपनी फ्लाइट बुकिंग की पुष्टि करानी होगी। यदि चाहें तो बुकिंग कन्फर्मेशन के लिए अपने किसी परिजन को भी भेज सकते हैं, लेकिन उड़ान से 24 घंटे पहले यात्री का स्वयं उपस्थित होना जरूरी होगा।

पासपोर्ट साथ लाना जरूरी

हज-2026 के लिए चयनित यात्रियों के पासपोर्ट पहले से जमा नहीं कराए गए हैं, इसलिए बुकिंग के समय प्रत्येक यात्री को अपना पासपोर्ट साथ लाना अनिवार्य होगा। यात्रियों को यह भी सुनिश्चित करना होगा कि उनका पासपोर्ट डैमेज श्रेणी में न हो, अन्यथा यात्रा बाधित हो सकती है।

हज सुविधा और नुसुक एप डाउनलोड करना जरूरी

हज यात्रा से पहले प्रत्येक हज यात्री को अपने रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर हज सुविधा एप और नुसुक एप डाउनलोड करना अनिवार्य होगा। बिना नुसुक एप के मदीना में रियाजुल जन्नाह के लिए पंजीकरण संभव नहीं होगा।

जिन यात्रियों ने आवेदन के समय अपने मोबाइल नंबर के स्थान पर किसी रिश्तेदार या एजेंट का नंबर दर्ज कराया है, उन्हें अपना नंबर अपडेट कराने की सलाह दी गई है, ताकि यात्रा के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो।

जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी महिमा ने बताया कि जनपद रायबरेली के सभी चयनित हज यात्रियों तक इन दिशा-निर्देशों की जानकारी पहुंचाई जा रही है, ताकि हज-2026 की यात्रा सुरक्षित, व्यवस्थित और सुगम रूप से सम्पन्न हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *