लेहड़ा मंदिर मेला हाईटेक निगरानी में! 100+ पुलिसकर्मी तैनात, हर कोने पर CCTV नजर

सौरभ जायसवाल

बृजमनगंज (महराजगंज)। चैत्र नवरात्रि के अवसर पर लगने वाले लेहड़ा माता मंदिर मेले को लेकर इस बार सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह हाईटेक बनाया गया है। मेला परिसर की निगरानी सीसीटीवी कैमरों के जरिए की जाएगी और बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहेगा।

गुरुवार से शुरू हो रहे मेले के लिए प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं। जानकारी के अनुसार बाहर से 5 थाना प्रभारी, 26 उप निरीक्षक, 5 महिला उप निरीक्षक, 70 हेड कांस्टेबल व कांस्टेबल, 30 महिला कांस्टेबल, 5 ट्रैफिक पुलिस कर्मी, एक टियर गैस पार्टी, पुलिस लाइन से एक सशस्त्र गार्ड तथा एक प्लाटून पीएसी की तैनाती की गई है।

मेला क्षेत्र में भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए 10 बैरियर बनाए गए हैं, जबकि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 3 पार्किंग स्थल चिन्हित किए गए हैं।

मंदिर परिसर में पहले से लगे 27 सीसीटीवी कैमरों के अलावा बाहर भी अतिरिक्त कैमरे लगाए गए हैं, जिससे पूरे मेले की गतिविधियों पर नजर रखी जा सके।

थानाध्यक्ष सत्यप्रकाश सिंह ने बताया कि मेला क्षेत्र में सुरक्षा को और मजबूत करने के लिए एंटी रोमियो टीम तथा सादे कपड़ों में एंटी चेन स्नैचिंग टीम भी लगातार भ्रमणशील रहेगी, ताकि किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।

प्रशासन का प्रयास है कि श्रद्धालुओं को मेले में सुरक्षित और व्यवस्थित वातावरण मिल सके और वे बिना किसी परेशानी के दर्शन कर सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *