मथुरा हत्याकांड पर भड़का गुस्सा! देवेंद्र तिवारी ने सरकार से की कड़ी कार्रवाई की मांग

शकील अहमद

मथुरा/लखनऊ। मथुरा में चंद्रशेखर ‘फरसा वाले बाबा’ की निर्मम हत्या के बाद प्रदेशभर में आक्रोश का माहौल है। इस घटना को लेकर विभिन्न सामाजिक संगठनों ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। भारतीय गौ सेवा परिषद एवं भारतीय किसान मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष देवेंद्र तिवारी ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर घटना की कड़े शब्दों में निंदा की है।

देवेंद्र तिवारी ने कहा कि यह घटना न केवल कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है, बल्कि समाज में भय और असुरक्षा का वातावरण भी पैदा करती है। उन्होंने इसे अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि ऐसे जघन्य अपराधों पर तत्काल और कठोर कार्रवाई जरूरी है।

उन्होंने प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मांग की कि इस मामले में दोषियों को शीघ्र गिरफ्तार कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

प्रेस विज्ञप्ति में तिवारी ने कई प्रमुख मांगें भी रखीं। उन्होंने कहा कि मथुरा हत्याकांड की निष्पक्ष और त्वरित जांच कराई जाए तथा इसमें शामिल सभी आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए। साथ ही गौ तस्करी से जुड़े संगठित गिरोहों के खिलाफ व्यापक अभियान चलाकर उनके नेटवर्क को समाप्त किया जाए।

उन्होंने यह भी कहा कि देशभर में गौ तस्करी के खिलाफ और अधिक सख्त एवं प्रभावी कानून बनाए जाने की आवश्यकता है। इसके अलावा गौ सेवकों और सामाजिक कार्यकर्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विशेष सुरक्षा व्यवस्था लागू की जानी चाहिए, ताकि वे निर्भय होकर समाजहित में कार्य कर सकें।

देवेंद्र तिवारी ने कहा कि यह समय निर्णायक कार्रवाई का है। यदि अपराधियों पर सख्ती नहीं हुई तो समाज में कानून का भय समाप्त हो जाएगा। उन्होंने सरकार से अपील की कि कानून का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित कर समाज में शांति और सुरक्षा का माहौल बनाए रखा जाए।

इस घटना के बाद सामाजिक संगठनों में लगातार रोष बढ़ता नजर आ रहा है और आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर और तेज विरोध की संभावना जताई जा रही है।

Share this article

More News

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top