सलमान खान
बाजपुर, ऊधम सिंह नगर। भाजपा प्रदेश मंत्री गुंजन सुखीजा के बाजपुर आगमन पर बेरिया रोड स्थित सूरी फार्म हाउस में भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा उनका भव्य स्वागत किया गया। भाजपा किसान मोर्चा के पूर्व जिला महामंत्री गोल्डी सूरी के फार्म हाउस पर आयोजित कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से उनका स्वागत करते हुए उत्साह जताया।
इस अवसर पर प्रदेश मंत्री गुंजन सुखीजा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के युवा एवं ऊर्जावान नेतृत्व में उत्तराखंड आज प्रगति की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य में सड़कों और हाईवे का मजबूत नेटवर्क तैयार हुआ है, जिससे न केवल दूरियां कम हुई हैं, बल्कि पर्यटन और स्थानीय व्यापार को भी नई गति मिली है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड जैसी आस्था और प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर भूमि पर अब आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर की नई गाथा लिखी जा रही है। यह परिवर्तन केंद्र और राज्य सरकार की दूरदर्शी नीतियों का परिणाम है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि वैश्विक स्तर पर बढ़ती महंगाई के बावजूद भारत ने आर्थिक संतुलन बनाए रखा है। यह मजबूत आर्थिक प्रबंधन और समय पर लिए गए निर्णयों का परिणाम है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को देश के सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले निर्वाचित सरकार प्रमुख बनने पर शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनका सफर एक साधारण कार्यकर्ता से लेकर देश के सर्वोच्च पद तक पहुंचने की प्रेरणादायक कहानी है।
उन्होंने कहा कि यह केवल सत्ता तक पहुंचने की कहानी नहीं, बल्कि राष्ट्र सेवा के प्रति समर्पण का उदाहरण है। उन्होंने कहा कि यह रिकॉर्ड केवल एक उपलब्धि नहीं बल्कि देश के 140 करोड़ लोगों के विश्वास का प्रतीक है, जो बार-बार अपने नेता पर जताया गया है।
प्रदेश मंत्री ने आगे कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड निरंतर विकास के मार्ग पर अग्रसर है और आने वाले समय में भी यह गति और तेज होगी। उन्होंने विश्वास जताया कि वर्ष 2027 में भी जनता इसी विश्वास और विकास के आधार पर सरकार को समर्थन देगी।
इस अवसर पर भाजपा किसान मोर्चा के पूर्व जिला महामंत्री गोल्डी सूरी, भाजपा जिला मंत्री बिट्टू चौहान, मुकेश बाबा, बिट्टू सिंह डब, शिवम दिवाकर, अंकुश सूरी, तकमील सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।


















