सौरभ जायसवाल
महराजगंज। नगर के कालेज रोड स्थित दुर्गा मंदिर प्रांगण में आयोजित ‘जागरण की एक रात’ कार्यक्रम ने शनिवार को पूरे माहौल को भक्ति और आस्था से सराबोर कर दिया।
जर्नलिस्ट्स प्रेस क्लब एवं भगवती जागरण युवा मंच के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस 32वें वर्ष के भव्य धार्मिक-सांस्कृतिक आयोजन में देर रात तक श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ता रहा।

कार्यक्रम की शुरुआत मां दुर्गा के विधिवत पूजन-अर्चन और दीप प्रज्वलन के साथ हुई। आकर्षक विद्युत सज्जा, सुसज्जित मंच और बेहतर ध्वनि व्यवस्था ने आयोजन की भव्यता को और बढ़ा दिया। जैसे-जैसे रात गहराती गई, वैसे-वैसे श्रद्धालुओं की संख्या भी बढ़ती गई और पूरा परिसर जयकारों से गूंजता रहा।

प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। लखनऊ से आए अंशु गोस्वामी ‘पागल बाबा’ के जोशीले भजनों और ज्योति गोस्वामी के मधुर स्वरों ने भक्तों को झूमने पर मजबूर कर दिया। वहीं स्थानीय कलाकार गौरव पांडेय ने भी अपनी प्रस्तुति से खूब सराहना बटोरी।

कार्यक्रम में राहुल काल भैरव झांकी ग्रुप (लखनऊ) की जीवंत और आकर्षक झांकियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। श्रद्धालु देर रात तक इन झांकियों को देखने के लिए डटे रहे। वहीं गोरखपुर के अरमान म्यूजिकल ग्रुप की प्रस्तुतियों ने पूरे माहौल को भक्तिमय बना दिया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में जिलाधिकारी संतोष शर्मा, पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीना और मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र प्रताप सिंह ने कार्यक्रम में शामिल होकर आयोजन की सराहना की। नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. पुष्पलता मंगल सहित अन्य गणमान्य लोगों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई और आयोजन समिति को बधाई दी।
जर्नलिस्ट्स प्रेस क्लब के अध्यक्ष अजय श्रीवास्तव ने बताया कि यह आयोजन पिछले 32 वर्षों से लगातार नगर की आस्था, संस्कृति और सामाजिक एकता का प्रतीक बना हुआ है। इस वर्ष भी आयोजन को भव्य और यादगार बनाने के लिए विशेष तैयारियां की गई थीं, जो श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और उत्साह से सफल साबित हुईं।
कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा और व्यवस्था का भी विशेष ध्यान रखा गया, जिससे पूरा आयोजन शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ।
इस मौके पर वरिष्ठ पत्रकार सुनील श्रीवास्तव, शैलेश पांडेय, विनय नायक, अनिल वर्मा, विपिन श्रीवास्तव, मार्तण्ड गुप्ता, अभिषेक श्रीवास्तव, कमलेश प्रजापति, राकेश प्रजापति, रानू सिंह, अशोक टिबडेवाल, अनूप टिबडेवाला, अमरेंद्र सिंह, अमित टिबड़ेवाला, दीपक गोयनका, रवि गोयनका, दुर्गेश कसौधन, अयोध्या गुप्ता, मनोज सिंघानियाँ सहित बड़ी संख्या में पत्रकार, गणमान्य नागरिक और श्रद्धालु मौजूद रहे।


















