नवरात्रि से पहले अलर्ट! डीआईजी ने लेहड़ा मंदिर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

बृजमनगंज, महराजगंज। चैत्र नवरात्रि के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था को परखने के लिए डीआईजी एस. चिनप्पा सोमवार शाम करीब सात बजे लेहड़ा मंदिर पहुंचे। उन्होंने मां दुर्गा के दर्शन-पूजन किए और मंदिर परिसर की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान डीआईजी ने मंदिर के पुजारी और वहां तैनात पुलिसकर्मियों से सुरक्षा संबंधी जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो और दर्शन व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित की जाए।

डीआईजी ने मंदिर परिसर में साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था बनाए रखने पर जोर देते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। साथ ही मंदिर के अंदर और बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के आदेश दिए, ताकि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत नजर रखी जा सके।

उन्होंने पुलिस टीम को मेले क्षेत्र में लगातार भ्रमणशील रहने और सुरक्षा व्यवस्था पर सतर्क दृष्टि बनाए रखने के निर्देश दिए। डीआईजी ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

इस दौरान पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीना, अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ, क्षेत्राधिकारी अनिरुद्ध कुमार, थानाध्यक्ष सत्यप्रकाश सिंह व उपनिरीक्षक निरंजन राय सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *