रायबरेली। उत्तर प्रदेश सरकार के नवनिर्माण के 9 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में रतापुर स्थित आरडीए सामुदायिक केंद्र में आयोजित 9 दिवसीय मेले/प्रदर्शनी में समाज कल्याण विभाग की विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए।
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष बुद्धिलाल पासी ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टालों का निरीक्षण किया और लाभार्थियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए। इस दौरान वृद्धावस्था पेंशन के 10, अनुसूचित जाति व सामान्य वर्ग शादी अनुदान के 7 तथा मुख्यमंत्री अभ्युदय कोचिंग योजना के 4 अभ्यर्थियों को लाभान्वित किया गया।
जिलाध्यक्ष ने अपने संबोधन में कहा कि सरकार के 9 वर्षों में जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से समाज के हर वर्ग तक लाभ पहुंचाने का कार्य किया गया है। ऐसे आयोजन का उद्देश्य आम जनता को योजनाओं की जानकारी देना और उन्हें अधिक से अधिक लाभ दिलाना है।
उन्होंने लोगों से अपील की कि समाज कल्याण विभाग की योजनाओं जैसे मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना, राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना और मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना का लाभ उठाएं तथा अन्य लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करें।
कार्यक्रम में जिला समाज कल्याण अधिकारी सृष्टि अवस्थी ने विभाग की प्रमुख योजनाओं की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि छात्रवृत्ति, शुल्क प्रतिपूर्ति और अन्य योजनाओं के माध्यम से भी पात्र लाभार्थियों को निरंतर सहायता प्रदान की जा रही है।
इस अवसर पर पूर्व जिलाध्यक्ष दिलीप यादव, मुकेश श्रीवास्तव, जिला समन्वयक कौशल विकास मिशन राजीव कुमार सिंह, वंदना सिंह सहित अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधि और लाभार्थी मौजूद रहे।


















