बाजपुर में तेज रफ्तार कार का कहर! महिला को मारी टक्कर, हालत गंभीर

सलमान खान

बाजपुर (ऊधम सिंह नगर)। बाजपुर क्षेत्र में तेज रफ्तार और लापरवाह ड्राइविंग का एक और मामला सामने आया है, जहां एक कार की टक्कर से महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना 22 मार्च 2026 को दोपहर करीब 1 बजे की बताई जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, जीजीआईसी स्कूल के पीछे भोनासलमानगर निवासी किशन कुमार यादव की पत्नी रितु देवी घर से सामान लेने निकली थीं। जैसे ही वह रामराज रोड स्थित चावला फोटो स्टूडियो के सामने पहुंचीं, तभी तेज रफ्तार कार (नंबर UK06-AS-6427) ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि रितु देवी सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें सरकारी अस्पताल बाजपुर पहुंचाया, जहां उनकी हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने काशीपुर स्थित उच्च चिकित्सा केंद्र (अंकुर अस्पताल) रेफर कर दिया। वर्तमान में उनका उपचार जारी है।

घटना के प्रत्यक्षदर्शी जंक्शन निवासी रामानंद ने बताया कि उन्होंने पूरी घटना अपनी आंखों से देखी है और कार चालक तेज गति से वाहन चला रहा था। पीड़िता के पति किशन कुमार यादव ने कोतवाली बाजपुर में तहरीर देकर आरोपी चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

वहीं स्थानीय लोगों ने भी क्षेत्र में बढ़ती तेज रफ्तार और लापरवाह ड्राइविंग पर चिंता जताते हुए पुलिस प्रशासन से सख्त कदम उठाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *