रायबरेली में बड़ा हादसा टला: साइकिल सवार को बचाने में पलटी कार, बाल-बाल बचे लोग

बछरावां (रायबरेली)। थाना क्षेत्र के अंतर्गत लखनऊ-प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरुवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। साइकिल सवार को बचाने के प्रयास में एक कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई और पलटते हुए सड़क किनारे नाले के पास जा रुकी।

यह घटना सुबह करीब 8 बजे बगाही मोड़ के पास हुई, जब प्रयागराज से लखनऊ जा रहे कार सवार अचानक सामने आए साइकिल सवार को बचाने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान कार का संतुलन बिगड़ गया और वह डिवाइडर से टकराकर पलट गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कार में सवार दो पुरुष और एक बच्चा प्रयागराज से लखनऊ किसी काम से जा रहे थे। हादसे में सभी को मामूली चोटें आईं। गनीमत रही कि कार के एयरबैग समय पर खुल गए, जिससे बड़ा नुकसान टल गया।

घटना के बाद मौके पर मौजूद राहगीरों और स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को कार से बाहर निकाला और नजदीकी निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार किया गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा काफी गंभीर था, लेकिन राहत की बात यह रही कि साइकिल सवार समेत कार में सवार सभी लोग सुरक्षित हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *