रायबरेली की बेटियों ने किया कमाल: अटल आवासीय विद्यालय में चयन से गूंजा इलाका
ऊंचाहार (रायबरेली)। विकासखंड क्षेत्र स्थित बीबीपी पब्लिक स्कूल, पूरे छीटू सिंह की दो होनहार छात्राओं ने अपनी मेहनत और लगन के दम पर बड़ी सफलता हासिल की है। छात्रा अंशिका सरबहदा और अन्नपूर्णा मौर्या का चयन अटल आवासीय विद्यालय में होने से पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है।

इस उपलब्धि के उपलक्ष्य में बृहस्पतिवार को विद्यालय परिसर में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान दोनों छात्राओं का माला पहनाकर और मुंह मीठा कराकर जोरदार स्वागत किया गया। कार्यक्रम में मौजूद छात्र-छात्राओं ने तालियों की गूंज से पूरे माहौल को उत्साह और गर्व से भर दिया।
बातचीत के दौरान अंशिका और अन्नपूर्णा ने अपनी सफलता का श्रेय विद्यालय परिवार और शिक्षकों को देते हुए उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि उनका सपना आगे चलकर डॉक्टर बनकर समाज की सेवा करना है।
विद्यालय की प्रधानाचार्य नैंसी यादव ने दोनों छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि यह सफलता न केवल विद्यालय, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है और यह अन्य छात्रों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।
