रायबरेली में दर्दनाक हादसा: तेज रफ्तार ओवरलोड ऑटो खाई में पलटा, कई घायल

डलमऊ (रायबरेली)। कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया, जहां दीनगंज मोड़ के पास तेज रफ्तार ऑटो अनियंत्रित होकर खाई में पलट गया। हादसे में आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।

घायलों में गंगादीन (36) पुत्र परमेश्वर, उनकी पत्नी केश कली (35) निवासी मुर्शिदाबाद डलमऊ, रामदेव पुत्र राम जियावन निवासी कपूरपुर नसीराबाद, रऊफ (42) पुत्र अब्दुल निवासी बिहार जिला उन्नाव, शीला देवी (50) पत्नी राम हर्ष निवासी कुरौली बुधकर गदागंज तथा लइक अहमद (43) पुत्र मज्जन निवासी मानिकपुर प्रतापगढ़ शामिल हैं।

बताया जा रहा है कि ऑटो चालक ओवरटेक करने की कोशिश कर रहा था, तभी वाहन का संतुलन बिगड़ गया और ऑटो खाई में पलट गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ऑटो में क्षमता से अधिक सवारियां बैठी हुई थीं, जिससे हादसा और भी गंभीर हो गया।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को ऑटो से बाहर निकाला और तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।

प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि हादसा इतना भीषण था कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए, जिससे टक्कर की तीव्रता का अंदाजा लगाया जा सकता है।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में ओवरलोडिंग और तेज रफ्तार को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Share this article

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts