महराजगंज (रायबरेली)। पुलिस अधीक्षक डॉ. रवि कुमार के निर्देशन में 02 अप्रैल 2026 को मिशन शक्ति फेज-5 के दूसरे चरण के तहत जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान महराजगंज थाना क्षेत्र के कस्बा चौकी स्थित पिंक बूथ पर महिलाओं और बालिकाओं को जागरूक किया गया।
पुलिस टीम द्वारा महिलाओं को सुरक्षा, सशक्तिकरण और स्वावलंबन से जुड़ी विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी विस्तार से दी गई। साथ ही उन्हें महिला सुरक्षा से संबंधित हेल्पलाइन नंबरों के बारे में भी बताया गया, ताकि किसी भी आपात स्थिति में वे तुरंत सहायता प्राप्त कर सकें।
अभियान के दौरान महिलाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों और आत्मनिर्भर बनने के लिए उपलब्ध संसाधनों के प्रति जागरूक किया गया। पुलिस ने उन्हें निडर होकर अपनी समस्याएं साझा करने और जरूरत पड़ने पर पुलिस से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस तरह के जागरूकता कार्यक्रमों का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को सशक्त बनाना है, ताकि वे अपने अधिकारों के प्रति सजग रहें और सुरक्षित वातावरण में आत्मविश्वास के साथ जीवन जी सकें।


















