- सरकारी जमीन को अतिक्रमण से बचाने के लिए नगर आयुक्त को लिखा पत्र, क्षेत्रवासियों में खुशी
शकील अहमद
सरोजनीनगर, लखनऊ। विधानसभा क्षेत्र सरोजनीनगर के शांति नगर इलाके में स्थित सरकारी भूमि पर पार्क निर्माण की मांग अब तेज हो गई है। क्षेत्रीय विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने नगर आयुक्त को पत्र लिखकर शांति नगर स्थित खसरा/गाटा संख्या 3984ड पर पार्क निर्माण कराने और सरकारी भूमि को अवैध कब्जे से सुरक्षित रखने की मांग की है। विधायक की इस पहल से क्षेत्रवासियों में उत्साह का माहौल है।
विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह द्वारा जारी पत्र में कहा गया है कि शांति नगर विकास समिति के अध्यक्ष उदयवीर सिंह ने उन्हें प्रार्थना पत्र सौंपकर शांति नगर स्थित सरकारी भूमि को संरक्षित किए जाने की मांग की थी। समिति ने आशंका जताई थी कि यदि समय रहते भूमि का सदुपयोग नहीं किया गया तो उस पर अवैध कब्जे की संभावना बढ़ सकती है। इसी को देखते हुए क्षेत्र में पार्क निर्माण का प्रस्ताव रखा गया।
विधायक ने नगर निगम प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने का अनुरोध किया है। उन्होंने कहा कि तेजी से बढ़ते शहरीकरण के बीच खुले पार्क और हरित क्षेत्र लोगों के स्वास्थ्य और पर्यावरण दोनों के लिए बेहद जरूरी हैं।
डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि पार्क बनने से बच्चों को खेलने के लिए सुरक्षित स्थान मिलेगा, बुजुर्गों को टहलने और बैठने की सुविधा उपलब्ध होगी, वहीं महिलाओं और युवाओं को भी स्वच्छ और बेहतर वातावरण प्राप्त होगा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि शांति नगर क्षेत्र में लंबे समय से किसी बड़े सार्वजनिक पार्क का अभाव है। यदि इस सरकारी भूमि पर पार्क विकसित किया जाता है तो यह पूरे इलाके के लिए बड़ी सौगात साबित होगा। लोगों ने विधायक की पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे न केवल सरकारी भूमि सुरक्षित होगी, बल्कि क्षेत्र का सौंदर्यीकरण भी होगा।
शांति नगर विकास समिति के पदाधिकारियों ने उम्मीद जताई कि नगर निगम जल्द सर्वे कराकर पार्क निर्माण की प्रक्रिया शुरू करेगा। उनका कहना है कि पार्क बनने से आसपास के लोगों को स्वच्छ वातावरण मिलेगा और बच्चों को खेलकूद के लिए बेहतर स्थान उपलब्ध हो सकेगा।
स्थानीय नागरिकों ने विधायक की इस पहल को क्षेत्र के विकास और जनहित से जुड़ा महत्वपूर्ण कदम बताया है। लोगों का कहना है कि यदि पार्क निर्माण कार्य जल्द शुरू होता है तो आने वाले समय में शांति नगर एक विकसित और व्यवस्थित कॉलोनी के रूप में पहचान बनाएगा।








