शांति नगर में जर्जर सड़क और जलभराव से लोग परेशान, आरसीसी सड़क निर्माण की उठी मांग

महापौर को ज्ञापन सौंपकर स्थानीय लोगों ने सड़क और नाली निर्माण कराने की लगाई गुहार

शकील अहमद

सरोजनीनगर, लखनऊ। शांति नगर क्षेत्र में वर्षों से जर्जर पड़ी सड़क और जलभराव की समस्या को लेकर स्थानीय लोगों का आक्रोश अब खुलकर सामने आने लगा है। क्षेत्र की पंजीकृत संस्था शांति नगर विकास समिति ने महापौर को ज्ञापन सौंपकर विकास त्रिवेदी के घर से सुनील कुमार के घर तक लगभग 350 मीटर लंबी आरसीसी सड़क और नाली निर्माण की मांग की है।

समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि कानपुर रोड स्थित शांति नगर क्षेत्र की यह सड़क लंबे समय से पूरी तरह क्षतिग्रस्त है। सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं, जिनमें बारिश और नालियों का पानी भर जाने से आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं।

स्थानीय लोगों के अनुसार कई राहगीर, महिलाएं और स्कूली बच्चे गड्ढों में गिरकर घायल हो चुके हैं। सड़क की खराब स्थिति के कारण क्षेत्रवासियों को रोजमर्रा के आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

समिति अध्यक्ष उदयवीर सिंह ने कहा कि शांति नगर क्षेत्र राजधानी के महत्वपूर्ण इलाके सरोजनीनगर और चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा के निकट स्थित है, इसके बावजूद यहां मूलभूत सुविधाओं की अनदेखी की जा रही है।

उन्होंने कहा कि सड़क टूटने के कारण न केवल लोगों को परेशानी हो रही है, बल्कि जलभराव और गंदगी के चलते संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है।

समिति के वरिष्ठ उपाध्यक्ष आर.बी. सिंह उर्फ राजेश सिंह, उपाध्यक्ष राकेश चन्द्र तिवारी, महामंत्री अवधेश सिंह सूर्यवंशी, मंत्री ज्ञानेन्द्र सिंह, उपमंत्री अजय यादव, संयुक्त मंत्री शैलेन्द्र कुमार सिंह, संगठन मंत्री अक्षय कुमार श्रीवास्तव, कोषाध्यक्ष शशि कुमार सिंह और ऑडिटर निरपत सिंह सहित अन्य पदाधिकारियों ने महापौर से जल्द सड़क और नाली निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की।

समिति के मीडिया प्रभारी धर्मेंद्र तिवारी ने बताया कि क्षेत्र के लोग लंबे समय से इस समस्या से जूझ रहे हैं, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकला है। उन्होंने कहा कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो क्षेत्रवासी जनआंदोलन करने को मजबूर होंगे।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि खराब सड़क के कारण वाहन चालकों को भी भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। रात के समय गड्ढों में पानी भर जाने से दुर्घटनाओं की आशंका और बढ़ जाती है।

लोगों ने उम्मीद जताई कि महापौर और नगर निगम प्रशासन इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए जल्द निर्माण कार्य शुरू कराएंगे, ताकि शांति नगर क्षेत्र के हजारों लोगों को राहत मिल सके।

Share this article

More News

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *