यूपी के मान्यता प्राप्त पत्रकारों को मिलेगी कैशलेस इलाज की सुविधा, आयुष्मान पोर्टल Go-Live करने की मंजूरी

- सूचना निदेशक विशाल सिंह की अध्यक्षता में पोर्टल संचालन का प्रशिक्षण सम्पन्न, एक सप्ताह में विवरण अपलोड करने के निर्देश
रायबरेली। उत्तर प्रदेश में मान्यता प्राप्त पत्रकारों और उनके आश्रितों को आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (AB-PMJAY) के अंतर्गत कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में प्रक्रिया तेज कर दी गई है। सूचना निदेशक विशाल सिंह की अध्यक्षता में सूचना निदेशालय के सभागार में इस सुविधा के लिए विकसित नवीन पोर्टल के संचालन को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। इस दौरान सूचना निदेशक ने पोर्टल को Go-Live किए जाने की सहमति प्रदान की।
बैठक के बाद स्टेट हेल्थ एजेंसी, आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के अधिकारियों ने पोर्टल के प्रोसेस फ्लो का प्रस्तुतिकरण किया। लाइव डेमो के माध्यम से मान्यता प्राप्त पत्रकारों के आयुष्मान कार्ड जारी करने की प्रक्रिया, आवेदन, सत्यापन और कार्ड डाउनलोड करने के तरीकों की जानकारी दी गई। इस प्रशिक्षण में सूचना निदेशालय मुख्यालय और प्रदेश के सभी जिला सूचना कार्यालयों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने प्रतिभाग किया।
एक सप्ताह में पोर्टल पर अपलोड करें विवरण
सूचना निदेशक विशाल सिंह ने बताया कि पोर्टल को पत्रकारों के लिए सरल और सुगम बनाया गया है, ताकि अधिक से अधिक मान्यता प्राप्त पत्रकारों और उनके परिजनों को इसका शीघ्र लाभ मिल सके।
उन्होंने प्रदेश के सभी जनपदीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि ऐसे मान्यता प्राप्त पत्रकारों और उनके परिजनों के आयुष्मान कार्ड, जो अभी तक नहीं बने हैं, उनके संबंध में सभी आवश्यक औपचारिकताएं एक सप्ताह के भीतर पूरी कराते हुए विवरण पोर्टल पर अपलोड करना सुनिश्चित करें।
उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि संबंधित अधिकारी इस संबंध में मुख्यालय को अवगत कराएं, ताकि मुख्यालय स्तर से आगे की कार्रवाई तेजी से सुनिश्चित की जा सके। सूचना निदेशक ने स्पष्ट किया कि इस कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही नहीं बरती जानी चाहिए।
पत्रकारों और उनके आश्रितों को मिलेगा लाभ
इस पहल का उद्देश्य प्रदेश के मान्यता प्राप्त पत्रकारों और उनके आश्रितों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की प्रक्रिया को सुगम बनाना है। पोर्टल के संचालन संबंधी प्रशिक्षण के माध्यम से जिला सूचना कार्यालयों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवेदन से लेकर सत्यापन और आयुष्मान कार्ड डाउनलोड करने तक की प्रक्रिया समझाई गई है।
अब संबंधित जिला सूचना कार्यालयों को निर्धारित समयसीमा में पात्र मान्यता प्राप्त पत्रकारों और उनके आश्रितों का विवरण पोर्टल पर अपलोड करने की कार्रवाई पूरी करनी है।