रायबरेली में अधिवक्ता के घर चोरी, बार एसोसिएशन ने पुलिस को 2 दिन का दिया अल्टीमेटम

रायबरेली। महराजगंज कोतवाली क्षेत्र में एक अधिवक्ता के घर हुई चोरी के मामले को लेकर बार एसोसिएशन ने कड़ा रुख अपनाया है। एसोसिएशन ने पुलिस प्रशासन को दो दिन का अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी है कि यदि आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी गए सामान की बरामदगी नहीं हुई, तो अधिवक्ता कार्य बहिष्कार कर आंदोलन करेंगे।

यह मामला महाराजगंज बार एसोसिएशन के सदस्य अधिवक्ता अवध किशोर सिंह उर्फ राजकुमार सिंह से जुड़ा है। उन्होंने 16 अप्रैल 2026 को कोतवाली महाराजगंज में प्रार्थना पत्र देकर प्राथमिकी (अपराध संख्या 38/2026) दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उनके पैतृक गांव हिलहा स्थित घर में रात के समय चोरों ने सेंध लगाकर जेवरात और नगदी चोरी कर ली।

अधिवक्ता का आरोप है कि थाना प्रभारी के नेतृत्व में सादे लिबास में पहुंचे पुलिसकर्मियों ने उनके परिजनों के साथ अभद्र व्यवहार किया और उन्हें डराने-धमकाने का प्रयास किया। साथ ही यह भी आरोप लगाया गया कि नामजद अभियुक्त खुलेआम घूम रहे हैं और उन्हें लगातार धमकियां दे रहे हैं, लेकिन पुलिस द्वारा अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।

इन परिस्थितियों में अधिवक्ता परिवार ने अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है और किसी अप्रिय घटना की आशंका भी व्यक्त की है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए महाराजगंज बार एसोसिएशन की एक कार्यकारी बैठक आयोजित की गई, जिसमें सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि उपजिलाधिकारी को अवगत कराते हुए पुलिस प्रशासन को दो दिन का समय दिया जाए।

यदि तय समय सीमा में कार्रवाई नहीं होती है, तो सभी अधिवक्ता कार्य बहिष्कार कर आंदोलन करने को बाध्य होंगे।

Share this article

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts