रायबरेली में दो कारों की भिड़ंत: राहगीर की मौत, बाइक सवार गंभीर घायल

रायबरेली। बछरावां थाना क्षेत्र के अंतर्गत चुरुवा पश्चिम गांव बाईपास स्थित शेखपुर समोधा चौराहे के पास शनिवार शाम करीब 4 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। दो कारों की आमने-सामने टक्कर में एक राहगीर की मौत हो गई, जबकि एक बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक नसीरुद्दीन उर्फ छोटे (50 वर्ष), निवासी महारानी खेड़ा मजरे शेखपुर समोधा, बाईपास किनारे खड़े होकर एक बाइक सवार को रास्ता बता रहे थे। इसी दौरान बृजेश कुमार (निवासी सरईया टिकरी डांडो, थाना डीह), जो एक निजी कंपनी में इंजीनियर के रूप में कार्यरत हैं, अपनी बाइक से वहां पहुंचे थे और रास्ता पूछ रहे थे।

उसी समय चुरुवा की ओर से आ रही एक कार और मौरावा से बछरावां की ओर जा रही दूसरी कार के बीच तेज टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि राहगीर नसीरुद्दीन और बाइक सवार बृजेश दोनों कारों की चपेट में आ गए और गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद एक कार चालक मौके पर रुक गया, जबकि दूसरा चालक वाहन सहित फरार हो गया। हालांकि, ग्रामीणों ने फरार वाहन का नंबर नोट कर लिया है।

सूचना पर पहुंची एंबुलेंस से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बछरावां ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने नसीरुद्दीन को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल बृजेश कुमार को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी श्याम कुमार पाल ने बताया कि मामले की जानकारी मिलते ही कार्रवाई की गई है और तहरीर मिलने पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Share this article

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts