बृजमनगंज में BPCL पेट्रोल पंप पर अनियमितता के आरोप, ग्रामीणों में आक्रोश

सौरभ जायसवाल

बृजमनगंज, महराजगंज। धानी रोड स्थित ग्राम सभा मटिहनवा खास में संचालित भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन (BPCL) के पेट्रोल पंप पर गंभीर अनियमितताओं के आरोप सामने आए हैं, जिससे स्थानीय लोगों में नाराजगी और आक्रोश का माहौल है।

ग्रामीणों का आरोप है कि पेट्रोल पंप पर आम उपभोक्ताओं, खासकर दोपहिया वाहन चालकों को पेट्रोल देने में टालमटोल की जा रही है और उन्हें लंबी कतारों में खड़ा रहने के बावजूद समय पर ईंधन नहीं मिल पा रहा है।

इसके विपरीत, कुछ चुनिंदा लोगों को कैन में सीधे 40 से 50 लीटर तक पेट्रोल आसानी से दिया जा रहा है, जिससे पूरे सिस्टम पर सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह कैन में बड़ी मात्रा में पेट्रोल देना नियमों के विरुद्ध है और इससे कालाबाजारी को बढ़ावा मिल सकता है।

ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि कुछ लोग गांव-गांव जाकर इसी पेट्रोल की अवैध बिक्री कर रहे हैं, जिससे आम उपभोक्ताओं को नुकसान उठाना पड़ रहा है।

ग्रामीणों का कहना है कि उन्हें घंटों लाइन में खड़े रहने के बावजूद पेट्रोल नहीं मिल पाता, जबकि कुछ लोगों को प्राथमिकता देकर बड़ी मात्रा में पेट्रोल उपलब्ध कराया जा रहा है। इस भेदभावपूर्ण व्यवस्था से लोगों में गहरा असंतोष व्याप्त है और क्षेत्र में रोष लगातार बढ़ता जा रहा है।

इस मामले को लेकर श्रवण गिरी, बबलू जायसवाल, दिलशाद खान, दिलीप, जैकी, राहुल जायसवाल और मोहित जायसवाल समेत कई ग्रामीणों ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे आंदोलन करने को बाध्य होंगे।

स्थानीय नागरिकों ने जिला प्रशासन से पेट्रोल पंप की कार्यप्रणाली की जांच कर पारदर्शिता सुनिश्चित करने और नियमों के उल्लंघन पर कठोर कार्रवाई करने की मांग की है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस गंभीर मामले में क्या कदम उठाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *