लेहरा रेलवे स्टेशन पर चला अतिक्रमण हटाओ अभियान, रेलवे भूमि से हटाए गए अवैध कब्जे

  • आरपीएफ और स्थानीय पुलिस की मौजूदगी में हुई कार्रवाई, रेलवे ट्रैक किनारे बनी दुकानें, गुमटियां और अन्य अवैध निर्माण हटाए गए

सौरभ जायसवाल

बृजमनगंज (महराजगंज)। रेलवे विभाग ने मंगलवार को लेहरा रेलवे स्टेशन परिसर और उसके आसपास रेलवे भूमि पर किए गए अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाते हुए अवैध कब्जों को हटाया। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और स्थानीय पुलिस की मौजूदगी में सुबह करीब 11 बजे शुरू हुई कार्रवाई के दौरान जेसीबी मशीन से रेलवे ट्रैक के किनारे बने अवैध निर्माण ध्वस्त किए गए।

अभियान के दौरान रेलवे भूमि पर बनीं अवैध दुकानें, ठेले, गुमटियां और अन्य अतिक्रमण हटाए गए। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, कार्रवाई से पहले संबंधित लोगों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत नोटिस जारी किए गए थे। नोटिस मिलने के बाद कई लोगों ने स्वयं ही अपना सामान और अस्थायी ढांचे हटा लिए थे, जबकि शेष अतिक्रमण को अभियान के दौरान हटाया गया।

रेलवे अधिकारियों ने बताया कि लेहरा रेलवे स्टेशन के आसपास रेलवे की भूमि पर लंबे समय से अतिक्रमण था, जिससे स्टेशन के विकास कार्यों और यात्री सुरक्षा में बाधा उत्पन्न हो रही थी। इसी को ध्यान में रखते हुए भूमि को कब्जामुक्त कराने की कार्रवाई की गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि रेलवे की भूमि पर दोबारा अतिक्रमण नहीं होने दिया जाएगा और आवश्यकता पड़ने पर आगे भी इसी तरह के अभियान चलाए जाएंगे।

कार्रवाई के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए आरपीएफ और बृजमनगंज पुलिस के जवान मौके पर तैनात रहे। अभियान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। बुल्डोजर चलते ही आसपास के क्षेत्र में हलचल बढ़ गई और कई लोग अपना सामान समेटते दिखाई दिए। कुछ प्रभावित दुकानदारों ने कार्रवाई पर अपनी नाराजगी और चिंता भी व्यक्त की।

Share this article

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts