- प्रभारी मंत्री राकेश सचान ने किया पूजन-अर्चन, स्वच्छता व पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
रायबरेली। ज्येष्ठ पूर्णिमा के पावन अवसर पर डलमऊ स्थित वीआईपी गंगा घाट पर भव्य गंगा महाआरती का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनपद के प्रभारी मंत्री एवं उत्तर प्रदेश सरकार के खादी एवं ग्रामोद्योग, रेशम उद्योग, हथकरघा तथा वस्त्रोद्योग मंत्री राकेश सचान ने मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर मां गंगा का विधिवत पूजन-अर्चन किया। कार्यक्रम में बड़ा मठ के देवेंद्रानंद जी महाराज की गरिमामयी उपस्थिति रही।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष रंजना चौधरी, जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका, पुलिस अधीक्षक रवि कुमार, मुख्य विकास अधिकारी अंजुलता, प्रभागीय निदेशक एवं सदस्य संयोजक जिला गंगा समिति प्रखर मिश्रा, नगर पंचायत डलमऊ के अध्यक्ष ब्रजेश दत्त गौड़ सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री राकेश सचान ने कहा कि ज्येष्ठ पूर्णिमा भारतीय संस्कृति, सनातन परंपरा और आध्यात्मिक चेतना का महत्वपूर्ण पर्व है। उन्होंने कहा कि मां गंगा केवल एक पवित्र नदी नहीं, बल्कि भारत की सांस्कृतिक विरासत, आस्था और जीवनदायिनी शक्ति का प्रतीक हैं। गंगा महाआरती समाज को स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण और सांस्कृतिक मूल्यों के प्रति जागरूक करने का प्रभावी माध्यम है।
उन्होंने श्रद्धालुओं से मां गंगा की निर्मलता और अविरलता बनाए रखने का संकल्प लेने का आह्वान करते हुए जल स्रोतों की स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।
महाआरती के दौरान वैदिक मंत्रोच्चार, शंखनाद, दीपों की अलौकिक छटा और भजन-कीर्तन से पूरा घाट भक्तिमय वातावरण में डूब गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने आरती में शामिल होकर मां गंगा का आशीर्वाद प्राप्त किया।
कार्यक्रम के दौरान आपदा एवं बाढ़ नियंत्रण में सराहनीय योगदान देने वाले नाविकों और गोताखोरों को सम्मानित किया गया। अंत में प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। कार्यक्रम का संचालन एस.एस. पाण्डेय ने किया।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) सिद्धार्थ, उप जिलाधिकारी डलमऊ सत्येन्द्र सिंह, क्षेत्राधिकारी गिरिजा शंकर त्रिपाठी, परियोजना निदेशक डीआरडीए मुनेश चंद्र, तहसीलदार मंजरी सिंह, अपना दल के जिलाध्यक्ष सतेन्द्र पटेल सहित जनप्रतिनिधि, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।













