रायबरेली में 30 सितंबर तक वाहन फिटनेस की सुविधा, एआरटीओ ने दिए निर्देश

रायबरेली। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (एआरटीओ) अरविंद कुमार यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि भारत सरकार के सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के निर्देशों के क्रम में जिन जनपदों में स्वचालित परीक्षण केंद्र (एटीएस) अभी तक शुरू नहीं हो सके हैं, वहां मैनुअल फिटनेस परीक्षण की व्यवस्था लागू की गई है।

उन्होंने बताया कि इसके तहत 30 अप्रैल 2026 से 30 सितंबर 2026 तक मैनुअल फिटनेस परीक्षण आयोजित किए जाएंगे और फिटनेस प्रमाणपत्र जारी किए जाएंगे।

एआरटीओ ने स्पष्ट किया कि जनपद रायबरेली में यह कार्य सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी कार्यालय के माध्यम से संपादित किया जाएगा। अब वाहन स्वामियों को अपने वाहनों की फिटनेस जांच के लिए कहीं और भटकने की जरूरत नहीं होगी, क्योंकि यह सुविधा स्थानीय स्तर पर उपलब्ध करा दी गई है।

उन्होंने सभी वाहन स्वामियों से अपील की है कि जिन वाहनों के फिटनेस प्रमाणपत्र समाप्त हो चुके हैं या जल्द समाप्त होने वाले हैं, वे समय रहते अपने वाहनों की फिटनेस जांच अवश्य करा लें, ताकि किसी भी प्रकार की कानूनी कार्रवाई या असुविधा से बचा जा सके।

एआरटीओ ने यह भी बताया कि फिटनेस प्रमाणपत्र वाहन की सुरक्षा और सड़क पर सुरक्षित संचालन के लिए अत्यंत आवश्यक होता है, इसलिए इसमें लापरवाही न बरती जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *