मजदूर दिवस पर बाजपुर में जागरूकता शिविर, श्रमिकों को मिली मुफ्त कानूनी सहायता की जानकारी

सलमान खान
बाजपुर (ऊधम सिंह नगर)। उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ऊधम सिंह नगर के तत्वावधान में अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस के अवसर पर एक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का उद्देश्य श्रमिकों को उनके अधिकारों और उपलब्ध कानूनी सुविधाओं के प्रति जागरूक करना रहा।

कार्यक्रम का आयोजन ग्राम लखनपुर स्थित श्री राधा कृष्ण गौ सेवा सदन ट्रस्ट परिसर में किया गया, जिसकी अध्यक्षता ग्राम प्रधान विजय कुमार ने की। शिविर में पराविधिक कार्यकर्ता मोहम्मद शहीद ने उपस्थित श्रमिकों को श्रम कानूनों, उनके अधिकारों तथा सरकारी योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा जरूरतमंद और कमजोर वर्ग के लोगों को निशुल्क विधिक सहायता प्रदान की जाती है। साथ ही नालसा (NALSA) की हेल्पलाइन नंबर 15100 के माध्यम से भी लोग कानूनी सहायता प्राप्त कर सकते हैं।

उन्होंने श्रमिकों से अपील की कि वे किसी भी प्रकार के शोषण या अन्याय की स्थिति में अपने अधिकारों के प्रति सजग रहें और कानूनी सहायता लेने में संकोच न करें।

मोहम्मद शहीद ने अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह दिवस हर वर्ष 1 मई को मनाया जाता है, जो विश्वभर के श्रमिकों के संघर्ष, उनके योगदान और अधिकारों के प्रति जागरूकता का प्रतीक है। यह दिन श्रमिकों के सम्मान और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए समर्पित है।

शिविर के दौरान श्रमिकों ने अपनी समस्याएं भी साझा कीं, जिन पर उन्हें उचित कानूनी सलाह दी गई। कार्यक्रम में संगीता, अलाउद्दीन, सुरेश कुमार, हरपाल सिंह, गोविंद सिंह सहित कई ग्रामीण व श्रमिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *