सुबेहा-हैदरगढ़ में अमन की दुआओं के साथ अदा हुई बकरीद की नमाज, भाईचारे का दिखा उत्साह

भीषण गर्मी के बीच सुबह से मस्जिदों और ईदगाहों में जुटे लोग, नमाज के बाद गले मिलकर दी मुबारकबाद

पंकज तिवारी

सुबेहा/हैदरगढ़ (बाराबंकी)। क्षेत्र में गुरुवार को ईद-उल-अजहा (बकरीद) का पर्व पूरे उत्साह, अकीदत और आपसी भाईचारे के साथ मनाया गया। विभिन्न मस्जिदों और ईदगाहों में अलग-अलग समय पर नमाज अदा की गई, जहां लोगों ने देश में अमन-चैन, खुशहाली और भाईचारे की दुआ मांगी।

भीषण गर्मी और चिलचिलाती धूप को देखते हुए इस बार बकरीद की नमाज का समय सुबह से ही निर्धारित कर दिया गया था। ऐसे में फजिर के बाद से ही मस्जिदों और ईदगाहों में लोगों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई। इस्लामपुर स्थित ईदगाह में सुबह करीब 7:30 बजे ईद की नमाज अदा की गई। नमाज के दौरान लोगों ने मुल्क की तरक्की, शांति और भाईचारे के लिए विशेष दुआएं मांगीं।

नमाज अदा करने के बाद लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर बकरीद की मुबारकबाद दी। पर्व को लेकर बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों में खासा उत्साह देखने को मिला।।इस अवसर पर आमिर अहमद शेख, मुनीर खान, लल्लन खान, वाशिक खान, आदिल अहमद और रईस खान सहित सैकड़ों लोगों ने पर्व को उत्साहपूर्वक मनाया।

नमाज के बाद बड़ी संख्या में लोग कब्रिस्तानों में पहुंचे, जहां उन्होंने अपने पूर्वजों की कब्रों पर फातिहा पढ़कर दुआ की। इसके बाद घरों में कुर्बानी का सिलसिला शुरू हुआ। पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस और प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। मस्जिदों और ईदगाहों के बाहर पुलिस बल लगातार गश्त करता रहा, जिससे पूरे क्षेत्र में शांतिपूर्ण माहौल बना रहा।

Share this article

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts