- अमन-चैन और देश की सलामती की मांगी गई दुआ, हिंदू-मुस्लिम समुदाय ने गले मिलकर दी मुबारकबाद
सौरभ जायसवाल
बृजमनगंज, महराजगंज। बृजमनगंज क्षेत्र में गुरुवार को ईद-उल-अजहा (बकरीद) का पर्व हर्षोल्लास, उत्साह और आपसी भाईचारे के साथ मनाया गया। सुबह से ही क्षेत्र की मस्जिदों और ईदगाहों में नमाज अदा करने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। नमाज के दौरान लोगों ने अमन-चैन, खुशहाली और देश की सलामती के लिए विशेष दुआएं मांगीं।
पर्व को लेकर पूरे क्षेत्र में उल्लास का माहौल देखने को मिला। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी और खुशियां साझा कीं।
क्षेत्र के बहुदुरी, कोल्हुई, लेहड़ा बाजार और लेहरा स्टेशन सहित विभिन्न मस्जिदों और ईदगाहों में बड़ी संख्या में लोगों ने ईद की नमाज अदा की। नमाज के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया।
ईद के मौके पर सामाजिक सौहार्द की भी मिसाल देखने को मिली। नमाज के बाद हिंदू समाज के लोगों ने भी मुस्लिम समुदाय के लोगों को गले लगाकर ईद की बधाई दी, जिससे आपसी भाईचारे और सद्भाव का संदेश गया।
दीप शिखा वर्मा ने क्षेत्र के विभिन्न ईदगाहों और मस्जिदों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि पूरे क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम है और पर्व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
स्थानीय लोगों ने भी प्रशासनिक व्यवस्था की सराहना करते हुए कहा कि पर्व सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ, जिससे लोगों में खुशी और उत्साह का माहौल बना रहा।













