बारा बिरवां सब्जी मार्केट अग्निकांड: 26 दुकानें जलीं, डॉ. राजेश्वर सिंह ने पीड़ितों को दी तत्काल सहायता

शकील अहमद

लखनऊ। सरोजनीनगर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत बारा बिरवां सब्जी मार्केट में शुक्रवार रात लगभग 10:30 बजे लगी भीषण आग ने देखते ही देखते करीब 26 दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे व्यापारियों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।

घटना की जानकारी मिलते ही विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह शनिवार को पूर्व केंद्रीय मंत्री कौशल किशोर के साथ मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। उन्होंने इस दुखद घटना पर गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए प्रभावित व्यापारियों से मुलाकात की और उनका हाल जाना।

इस दौरान डॉ. राजेश्वर सिंह ने प्रभावित 26 व्यापारियों को तत्काल राहत के रूप में ₹10,000-₹10,000 की सहायता राशि प्रदान की। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में सभी पीड़ित व्यापारी सरोजनीनगर परिवार का हिस्सा हैं और उनकी हर संभव मदद की जाएगी।

विधायक ने बताया कि उन्होंने इस संबंध में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और जिलाधिकारी लखनऊ से बातचीत कर पीड़ितों को अधिकतम सहायता दिलाने का अनुरोध किया है। साथ ही उन्होंने आश्वासन दिया कि बिजली विभाग के माध्यम से मुआवजा दिलाया जाएगा और लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) से समन्वय कर क्षतिग्रस्त दुकानों का पुनर्निर्माण कराया जाएगा।

डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि यह घटना केवल आगजनी नहीं, बल्कि कई परिवारों की आजीविका पर गहरा असर डालने वाली है। उन्होंने पीड़ित व्यापारियों को भरोसा दिलाया कि इस मुश्किल घड़ी में प्रशासन और जनप्रतिनिधि पूरी तरह उनके साथ खड़े हैं।

उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना करते हुए कहा कि सभी प्रभावितों को इस संकट से उबरने की शक्ति मिले और वे जल्द ही अपने जीवन को सामान्य स्थिति में ला सकें।

इस अवसर पर क्षेत्रीय पार्षद सौरभ सिंह मोनू, उपजिलाधिकारी अंकित शुक्ला, पूर्व मंडल अध्यक्ष अनूप मिश्रा, मंडल मंत्री प्रीतम सिंह, प्रदीप मिश्रा, साधन गुप्ता, शिविता गोयल एवं गंगाराम भारती सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Share this article

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts