- एक घायल बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर, आठ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही पुलिस
सौरभ जायसवाल
बृजमनगंज (महराजगंज)। थाना क्षेत्र के चैनपुर गांव में रविवार रात भूसा ले जाने की बात को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर दूसरे पक्ष के लोगों ने मारपीट कर प्रथम पक्ष के तीन लोगों को घायल कर दिया।
घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बृजमनगंज ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति को बेहतर उपचार के लिए बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया गया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर घटना की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार 5 जुलाई 2026 की रात करीब 10:30 बजे भूसा ले जाने की बात को लेकर प्रथम पक्ष के पंचम पुत्र विशेश्वर निवासी ग्राम चैनपुर, थाना बृजमनगंज और द्वितीय पक्ष के रामधनी विश्वकर्मा पुत्र बालकरन निवासी ग्राम चैनपुर के बीच विवाद हो गया।
विवाद के दौरान द्वितीय पक्ष द्वारा रमेश पुत्र पंचम, पंचम पुत्र विश्वेश्वर और चांदमती के साथ मारपीट की गई। मारपीट में तीनों को गंभीर चोटें आईं। घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बृजमनगंज ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद रमेश पुत्र पंचम की गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर उपचार के लिए बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
मारपीट की इस घटना में द्वितीय पक्ष के हेमन्त और बसंत को भी हल्की चोटें आई हैं। पुलिस के अनुसार, प्रकरण के संबंध में प्रथम पक्ष की चांदमती की तहरीर पर मुकदमा अपराध संख्या 171/2026 के तहत बीएनएस की धारा 115(2), 352(3), 352, 110 और 3(5) में मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस ने घटना के संबंध में रामधनी पुत्र बलकरन, निरंजन पुत्र रामधनी, बसंत पुत्र चिन्नू, हेमन्त पुत्र चिन्नू, गोलू व दिलबहार पुत्रगण परदेसी, नीलम पुत्री हेमन्त और सोनू पुत्र गंगाराम को नियमानुसार हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि घटना से संबंधित साक्ष्यों का संकलन किया जा रहा है। साक्ष्य संकलन और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।













