बजट सत्र से पहले उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने की कानून-व्यवस्था की समीक्षा, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं विधान परिषद में नेता सदन केशव प्रसाद मौर्य ने बजट सत्र 2026–27 से पूर्व रविवार को कानून-व्यवस्था की व्यापक समीक्षा की। यह उच्चस्तरीय बैठक विधान परिषद भवन के कक्ष संख्या-77 में आयोजित की गई, जिसमें वरिष्ठ पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान उपमुख्यमंत्री ने कहा कि बजट सत्र के समय प्रदेश में शांति, सुरक्षा और सुव्यवस्थित वातावरण बनाए रखना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कानून-व्यवस्था से जुड़ी किसी भी चुनौती से सख्ती और संवेदनशीलता के साथ निपटा जाए, ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

उपमुख्यमंत्री ने अपराध नियंत्रण, संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान कर वहां विशेष निगरानी, त्वरित पुलिस कार्रवाई तथा विभागों के बीच बेहतर समन्वय पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि बजट सत्र के दौरान विधानसभा एवं विधान परिषद परिसरों के साथ-साथ प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रहनी चाहिए।

बैठक में वरिष्ठ अधिकारियों ने प्रदेश की वर्तमान कानून-व्यवस्था की स्थिति की जानकारी दी और बजट सत्र के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर की जा रही तैयारियों से अवगत कराया। अधिकारियों ने बताया कि सत्र के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक सुरक्षा बलों की तैनाती, निगरानी व्यवस्था और समन्वय तंत्र को मजबूत किया गया है।

उपमुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि सत्र के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतर्कता बरती जाए और किसी भी प्रकार की अराजकता या अव्यवस्था को समय रहते नियंत्रित किया जाए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा है कि बजट सत्र शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो और आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना बनी रहे।

Share this article

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts