मीडिया ओलंपिक-3 का भव्य समापन: उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने पदक विजेताओं को किया सम्मानित

लखनऊ। राजधानी के केडी सिंह बाबू स्टेडियम में मीडिया ओलंपिक के तीसरे संस्करण का भव्य समापन उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। तीन दिवसीय इस खेल आयोजन में पत्रकारों और उनके परिजनों ने विभिन्न खेल स्पर्धाओं में सक्रिय भागीदारी की। समापन समारोह में खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन को सम्मानित किया गया।

मीडिया ओलंपिक-3 में आशीष प्रजापति ने छह स्वर्ण पदक जीतकर प्रतियोगिता में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। वहीं सीएस आज़ाद और राम बालक ने चार-चार स्वर्ण पदक अपने नाम किए। खिलाड़ियों ने खेल के माध्यम से फिटनेस, अनुशासन और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया।

अंतिम दिन फुटबॉल शूटआउट, रस्साकसी, शतरंज, बैडमिंटन और एथलेटिक्स की विभिन्न स्पर्धाएं आयोजित की गईं। फुटबॉल शूटआउट में महिला वर्ग में प्रिया पाण्डेय और पुरुष वर्ग में नावेद शिकोह की टीम विजेता रही। रस्साकसी प्रतियोगिता में महिलाओं में प्रिया पाण्डेय और पुरुषों में रविंद्र शर्मा की टीम ने स्वर्ण पदक हासिल किया। शतरंज में सीएस आज़ाद ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि बैडमिंटन महिला एकल में पल्लवी श्रीवास्तव विजेता रहीं।

मीडिया ओलंपिक संघ एवं द इंडियन व्यू मासिक पत्रिका के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस आयोजन के समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने विजेता खिलाड़ियों को पदक प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया और कहा कि ऐसे आयोजन कार्यशील जीवन के साथ खेल और स्वास्थ्य के संतुलन को बढ़ावा देते हैं।

समारोह में इंडो-अमेरिकन चैंबर ऑफ कॉमर्स (उत्तर प्रदेश चैप्टर) के चेयरमैन मुकेश बहादुर सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। आयोजन सचिव राघवेंद्र प्रताप सिंह ने अतिथियों का स्वागत किया, जबकि कार्यक्रम का संचालन अखंड प्रताप शाही ने किया।

एथलेटिक्स स्पर्धाओं में अंडर-10 बालक 50 मीटर में आदित्य कुमार शर्मा प्रथम, कन्हैया लाल द्वितीय और शुभ ठाकुर तृतीय स्थान पर रहे। अंडर-15 बालक वर्ग में ईशान कश्यप और बालिका वर्ग में अभिलाषा विजेता बनीं। अंडर-20 बालक 400 मीटर दौड़ में नीलांश गुप्ता प्रथम और आदर्श यादव द्वितीय स्थान पर रहे, जबकि बालिका वर्ग में आराध्या द्वितीय और प्राची यादव तृतीय स्थान पर रहीं। पुरुष 35 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में 200 और 400 मीटर दौड़ में आशीष प्रजापति विजेता बने, वहीं 50 वर्ष से अधिक आयु वर्ग की 50 मीटर दौड़ में भारत सिंह ने पहला स्थान प्राप्त किया।

समारोह में बड़ी संख्या में वरिष्ठ पत्रकार, खेल प्रेमी और प्रतिभागी उपस्थित रहे। मीडिया ओलंपिक-3 का आयोजन खेल भावना, सहभागिता और आपसी सहयोग को प्रोत्साहित करते हुए सफलतापूर्वक संपन्न हुआ, जिसने मीडिया कर्मियों के बीच फिटनेस और खेल संस्कृति को मजबूती दी।

Share this article

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts