सलमान खान
बाजपुर (ऊधम सिंह नगर)। बाजपुर क्षेत्र में गैस एजेंसी की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े होने लगे हैं। उपभोक्ताओं को समय पर गैस सिलेंडर न मिलने और डिलीवरी से जुड़े कथित फर्जीवाड़े के आरोप सामने आए हैं, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
मामले में समाजवादी पार्टी यूथ ब्रिगेड के राष्ट्रीय महासचिव अरविंद यादव ने गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने बताया कि उनकी पत्नी मोहिनी के नाम पर बाजपुर गैस एजेंसी में घरेलू गैस कनेक्शन है। 19 मार्च 2026 को उन्होंने सिलेंडर की बुकिंग कराई थी, लेकिन कई दिन बीत जाने के बावजूद उनके घर पर सिलेंडर की डिलीवरी नहीं हुई।
हैरानी की बात तब सामने आई जब उनके मोबाइल पर यह मैसेज प्राप्त हुआ कि गैस सिलेंडर “डिलीवर” कर दिया गया है, जबकि वास्तविकता में उन्हें सिलेंडर मिला ही नहीं। इस घटना ने पूरे मामले को संदिग्ध बना दिया है।
अरविंद यादव ने आरोप लगाया कि यह केवल लापरवाही नहीं बल्कि सुनियोजित धोखाधड़ी हो सकती है। उनका कहना है कि बिना सिलेंडर दिए डिलीवरी का मैसेज आना विभागीय मिलीभगत और कालाबाजारी की ओर इशारा करता है।
उन्होंने कहा कि जब एक जागरूक व्यक्ति के साथ ऐसा हो सकता है, तो आम उपभोक्ताओं की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है। मुझे संदेह है कि पात्र उपभोक्ताओं का हक मारकर गैस सिलेंडर ब्लैक में बेचे जा रहे हैं।
उन्होंने स्थानीय प्रशासन और संबंधित विभाग की चुप्पी पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि इतने गंभीर मामले के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होना कई शंकाओं को जन्म देता है।
इस पूरे प्रकरण के सामने आने के बाद क्षेत्र में लोगों के बीच आक्रोश है और गैस एजेंसी की कार्यप्रणाली की निष्पक्ष जांच की मांग उठने लगी है।


















