बृजमनगंज का ऐतिहासिक शिवाला पोखरा संवरेगा, प्रशासन ने कराया सीमांकन, मंदिर, पोखरी और धर्मशाला का होगा जीर्णोद्धार

[post-views]
  • आस्था के केंद्र शिवाला पोखरा के सौंदर्यीकरण की प्रक्रिया शुरू, श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए धर्मशाला, लाइटिंग, सीसी रोड और अन्य विकास कार्य कराए जाएंगे

सौरभ जायसवाल

बृजमनगंज (महराजगंज)। आदर्श नगर पंचायत बृजमनगंज क्षेत्र के वार्ड संख्या 12 स्थित ऐतिहासिक शिवाला पोखरा, प्राचीन शिव मंदिर एवं पोखरी के जीर्णोद्धार का रास्ता साफ हो गया है। जीर्णोद्धार की प्रक्रिया शुरू करने से पहले सोमवार को अधिशासी अधिकारी सुरभि मिश्रा और नगर पंचायत अध्यक्ष राकेश जायसवाल ने लेखपाल अम्बरीश कुमार तथा नगर पंचायत कर्मचारी रमेश चौधरी के साथ मौके पर पहुंचकर भूमि का सीमांकन कराया।

स्थानीय लोगों की आस्था का प्रमुख केंद्र माने जाने वाले शिवाला पोखरा का शिव मंदिर दशकों पुराना है। यह स्थान “साहब के पोखरे” के नाम से भी जाना जाता है। स्थानीय लोगों के अनुसार इसका निर्माण अंग्रेजी शासनकाल के दौरान कराया गया था। मंदिर के साथ स्थित पोखरी भी क्षेत्रवासियों के लिए धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक दृष्टि से महत्वपूर्ण मानी जाती है। क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को देखते हुए नगर पंचायत प्रशासन ने इसके जीर्णोद्धार को प्राथमिकता देते हुए प्रक्रिया शुरू कर दी है।

सीमांकन के दौरान अधिशासी अधिकारी सुरभि मिश्रा एवं नगर पंचायत अध्यक्ष राकेश जायसवाल ने लेखपाल से मंदिर परिसर और पोखरी की पैमाइश कराकर उसे राजस्व अभिलेखों एवं नक्शे में चिन्हित कराया। अधिकारियों ने आसपास की भूमि, पहुंच मार्ग तथा जल निकासी व्यवस्था का भी निरीक्षण किया।

नगर पंचायत अध्यक्ष राकेश जायसवाल ने बताया कि शिवाला पोखरा क्षेत्र की धार्मिक आस्था का प्रमुख केंद्र है। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मंदिर का सौंदर्यीकरण एवं पोखरी का जीर्णोद्धार कराया जाएगा। इसके साथ ही मंदिर परिसर में शादी-विवाह एवं अन्य सामाजिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए धर्मशाला का निर्माण कराया जाएगा। श्रद्धालुओं और यात्रियों के ठहरने की व्यवस्था, पेयजल सुविधा, आधुनिक लाइटिंग, टीन शेड, सीसी रोड तथा अन्य आवश्यक मूलभूत सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी।

उन्होंने कहा कि नगर पंचायत का उद्देश्य शिवाला पोखरा को एक सुंदर, स्वच्छ और सुविधायुक्त धार्मिक स्थल के रूप में विकसित करना है, जिससे स्थानीय श्रद्धालुओं के साथ-साथ बाहर से आने वाले लोगों को भी बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

इस दौरान विद्युत विभाग के अवर अभियंता सुशील कुमार त्रिपाठी, सभासद धर्मेंद्र चौरसिया, झीनक विश्वकर्मा, नगर पंचायत कर्मचारी दीपक विश्वकर्मा, सागर कन्नौजिया, अनिल मणि, मनीष शुक्ला सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।

Share this article

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts