शकील अहमद
सरोजनी नगर, लखनऊ। सरोजनी नगर वार्ड द्वितीय के अंतर्गत हरिओम नगर कॉलोनी में लंबे समय से चली आ रही सड़क और जलनिकासी की समस्या के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया।
रविवार को गली नंबर-5 में नीरज के मकान से सुनहरा रोड तक लगभग 160 मीटर लंबी और 4 मीटर चौड़ी सीसी सड़क व नाली निर्माण कार्य का विधिवत शिलान्यास किया गया।
इस निर्माण कार्य का शिलान्यास पार्षद रामनरेश रावत (एडवोकेट) ने महापौर सुषमा खर्कवाल और विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह के आशीर्वाद से किया। कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना कर की गई।
इस दौरान सर्वेश देवगन और पारस जी द्वारा नारियल फोड़कर तथा अशोक सिंह चौहान द्वारा भूमि पूजन कर निर्माण कार्य का शुभारंभ कराया गया। पार्षद प्रतिनिधि संतोष त्रिपाठी ने बताया कि हरिओम नगर कॉलोनी की यह सड़क वर्षों से कच्ची पड़ी हुई थी।
बारिश और घरों का पानी जमा होने से सड़क पर कीचड़ हो जाता था, जिससे बच्चों और बुजुर्गों को आने-जाने में काफी परेशानी होती थी। अब सड़क और नाली बनने से कॉलोनीवासियों को बड़ी राहत मिलेगी और आवागमन सुगम होगा।
उन्होंने बताया कि महापौर और विधायक की डूडा निधि से लगभग 18 लाख रुपये की लागत से इस सीसी सड़क और नाली का निर्माण कराया जा रहा है।शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान कॉलोनी के लोगों ने पार्षद रामनरेश रावत का फूल-मालाओं से स्वागत किया और लड्डू खिलाकर खुशी जाहिर की।
इस मौके पर पार्षद रामनरेश रावत ने इस विकास कार्य का श्रेय महापौर सुषमा खर्कवाल और विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह को देते हुए कहा कि क्षेत्र में हो रहे विकास कार्य जनप्रतिनिधियों के सहयोग और आशीर्वाद से ही संभव हो पा रहे हैं।
पार्षद प्रतिनिधि संतोष त्रिपाठी ने कॉलोनीवासियों की ओर से लखनऊ सांसद व रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह, महापौर सुषमा खर्कवाल, भाजपा नेता नीरज सिंह, महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी, नगर आयुक्त गौरव कुमार तथा पार्षद रामनरेश रावत के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर आलोक श्रीवास्तव, फूलचंद गौतम, रितेश दुबे, लल्लन पांडे, अशोक, महेंद्र, प्रिंस, तोहिद, शेर सिंह, ममता मौर्य, नीलू गुप्ता, रेखा, माया, आशा भारती, सीमा देवी, रंजना, अंतिमा, मीरा, मुन्नी देवी सहित हरिओम नगर कॉलोनी के अनेक निवासी व भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।


















