बृजमनगंज थाने का सीओ ने किया वार्षिक निरीक्षण, फरियादियों से बेहतर व्यवहार के निर्देश

बृजमनगंज, महाराजगंज। पुलिस व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से क्षेत्राधिकारी फरेंदा अनिरुद्ध कुमार ने गुरुवार को बृजमनगंज थाने का वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाना प्रभारी सत्य प्रकाश सिंह को फरियादियों से बेहतर व्यवहार करने और शिकायतों का निष्पक्ष एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान सीओ ने मालखाने में रखे असलहों की साफ-सफाई, उनके रख-रखाव और संचालन की प्रक्रिया का गहन परीक्षण किया। उन्होंने कार्यालय में रखे विभिन्न अभिलेखों, रजिस्टरों, भवन और परिसर की साफ-सफाई की भी समीक्षा की।

सीओ ने सभी पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया कि असलहों की नियमित जाँच और उचित रख-रखाव अनिवार्य रूप से किया जाए। वहीं चौकीदारों को गांवों में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखते हुए तुरंत थाना प्रशासन को अवगत कराने का निर्देश दिया।

सीओ अनिरुद्ध कुमार ने थाना प्रभारी को यह भी स्पष्ट किया कि थाने आने वाले प्रत्येक फरियादी के साथ संवेदनशील व्यवहार हो और उनकी समस्याओं का निष्पक्ष समाधान प्राथमिकता पर किया जाए। उन्होंने थाना परिसर को हरा-भरा और स्वच्छ रखने पर भी जोर दिया ताकि पुलिस कर्मियों का कार्य वातावरण बेहतर हो सके।

निरीक्षण के दौरान थानाध्यक्ष सत्य प्रकाश सिंह, वरिष्ठ उपनिरीक्षक तारकेश्वर वर्मा, उपनिरीक्षक गजेंद्र प्रताप सिंह, आलोक यादव, राजन पासवान, महिला उपनिरीक्षक अर्चना यादव, प्रिया वर्मा सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *