कमर्शियल गैस 933 रुपये महंगी, बृजमनगंज में होटल-रेस्टोरेंट ने बढ़ाए दाम

सौरभ जायसवाल

महराजगंज (बृजमनगंज)। कमर्शियल एलपीजी सिलिंडर के दाम में एकमुश्त 933 रुपये की बढ़ोतरी और सप्लाई संकट ने बृजमनगंज के होटल व रेस्टोरेंट संचालकों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। बढ़ी लागत के दबाव में संचालकों ने खाद्य पदार्थों की कीमतों में 10 से 20 प्रतिशत तक वृद्धि का फैसला लिया है, जो तत्काल प्रभाव से लागू किया जा रहा है।

मार्च के पहले सप्ताह से ही रसोई गैस की कमी बनी हुई है। हालत यह है कि जुगाड़ के बावजूद कमर्शियल सिलिंडर नहीं मिल पा रहे हैं, जिससे कई प्रतिष्ठानों में लकड़ी और कोयले पर खाना बनाना पड़ रहा है। शुक्रवार को भी आपूर्ति न होने पर कारोबारियों में नाराजगी देखी गई।

लागत बढ़ी, मेन्यू महंगा

कमर्शियल सिलिंडर महंगा होने से रोज़ाना का ऑपरेटिंग कॉस्ट बढ़ गया है। ऐसे में पुराने रेट पर सेवा देना संभव नहीं रह गया। संचालकों का कहना है कि ग्राहकों पर कम बोझ पड़े, इसलिए 10–20% के दायरे में ही रेट बढ़ाए जा रहे हैं।

भद्रकाली चौराहा, बैरियर तिराहा स्थित रेस्टोरेंट संचालक हैप्पी जायसवाल ने कहा कि बढ़ती लागत के बीच सीमित दाम पर काम करना मुश्किल हो गया है, इसलिए संतुलित तरीके से कीमत बढ़ानी पड़ी है।

रेलवे स्टेशन क्षेत्र के पवन मिष्ठान भंडार के प्रोपराइटर पवन मोदनवाल के अनुसार, मिठाई और साउथ इंडियन व्यंजनों में गैस की खपत अधिक होती है, जिससे इनकी लागत पर सबसे ज्यादा असर पड़ा है। गुणवत्ता बनाए रखने के लिए नई दरें लागू करना मजबूरी है।

छोटे सिलिंडर भी महंगे

तेल कंपनियों ने 19 किलोग्राम के कमर्शियल सिलिंडर के साथ 5 किलोग्राम वाले ‘छोटू’ सिलिंडर के दाम भी बढ़ा दिए हैं। अब 5 किलो सिलिंडर 859 रुपये में मिलेगा, जिससे छोटे प्रतिष्ठानों पर भी अतिरिक्त दबाव पड़ेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *