सरोजनीनगर स्पोर्ट्स लीग में क्रिकेट का रोमांच, युवा खिलाड़ियों ने किया शानदार प्रदर्शन

  • इंटर स्कूल और इंटर क्लब क्रिकेट मुकाबलों में विजेता टीमों ने अगले दौर में बनाई जगह, खिलाड़ियों ने दिखाया खेल कौशल

शकील अहमद

सरोजनीनगर (लखनऊ)। सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह की पहल पर आयोजित सरोजनीनगर स्पोर्ट्स लीग क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं के लिए बेहतर मंच साबित हो रही है। शनिवार को आयोजित इंटर स्कूल एवं इंटर स्पोर्ट्स क्लब क्रिकेट प्रतियोगिता के मुकाबलों में खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए खेल भावना, अनुशासन और टीमवर्क का परिचय दिया।

इंटर स्कूल क्रिकेट प्रतियोगिता के दूसरे मुकाबले में कृष्णा पब्लिक स्कूल ने रेड रोज इंटर कॉलेज को सात विकेट से हराकर अगले दौर में प्रवेश किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए रेड रोज इंटर कॉलेज की टीम 38 रन पर सिमट गई। जवाब में कृष्णा पब्लिक स्कूल ने लक्ष्य तीन विकेट खोकर आसानी से हासिल कर लिया। चार विकेट लेने वाले अंशुल को मैन ऑफ द मैच चुना गया।

तीसरे मुकाबले में पीजेंट डे एकेडमी इंटर कॉलेज ने यूनिवर्सल सिटी कॉन्वेंट, मौंदा को 62 रन से पराजित किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए पीजेंट डे एकेडमी ने 105 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी यूनिवर्सल सिटी कॉन्वेंट की टीम निर्धारित लक्ष्य तक नहीं पहुंच सकी। कृष्ण पाल ने 16 रन बनाने के साथ चार विकेट लेकर ऑलराउंड प्रदर्शन किया और मैन ऑफ द मैच बने।

प्रतियोगिता के चौथे मुकाबले में के.डी. पब्लिक स्कूल की टीम के मैदान पर उपस्थित न होने के कारण अंबेडकर विद्या मंदिर जूनियर हाई स्कूल को प्रतियोगिता नियमों के अनुसार वॉकओवर देकर अगले चरण में प्रवेश दिया गया।

इंटर स्पोर्ट्स क्लब क्रिकेट प्रतियोगिता में भी कई रोमांचक मुकाबले खेले गए। खिलाड़ी सत्यापन के दौरान नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर लखनऊ लायंस क्रिकेट क्लब और लायंस-11 क्रिकेट क्लब को अयोग्य घोषित कर दिया गया। इसके बाद रणीपुर क्रिकेट क्लब और वेस्ट-11 क्रिकेट क्लब को वॉकओवर देकर अगले दौर में पहुंचाया गया।

सातवें मुकाबले में लखनऊ नाइट राइडर्स क्रिकेट क्लब ने देशी दबंग क्रिकेट क्लब को नौ विकेट से हराया। पहले बल्लेबाजी करते हुए देशी दबंग क्रिकेट क्लब ने 63 रन बनाए, जिसे लखनऊ नाइट राइडर्स ने एक विकेट खोकर हासिल कर लिया। शानदार प्रदर्शन के लिए आर्यन यादव को मैन ऑफ द मैच चुना गया।

इस अवसर पर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि सरोजनीनगर स्पोर्ट्स लीग का उद्देश्य केवल प्रतियोगिताओं का आयोजन करना नहीं, बल्कि युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और खेल भावना का विकास करना है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह मंच क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर तक अपनी पहचान बनाने का अवसर प्रदान करेगा।

Share this article

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts