सरोजनीनगर स्पोर्ट्स लीग में क्रिकेट का रोमांच चरम पर, युवा खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम

  • इंटर-स्कूल और इंटर-स्पोर्ट्स क्लब मुकाबलों में खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन, डॉ. राजेश्वर सिंह बोले- खेलों से निखरता है व्यक्तित्व

शकील अहमद

सरोजनीनगर (लखनऊ)। सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह की पहल पर आयोजित सरोजनीनगर स्पोर्ट्स लीग लगातार क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को नई पहचान और अवसर प्रदान कर रही है। लीग के अंतर्गत आयोजित इंटर-स्कूल और इंटर-स्पोर्ट्स क्लब क्रिकेट मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खेल भावना, अनुशासन और टीमवर्क का उत्कृष्ट परिचय दिया।

प्रतियोगिताओं में युवाओं का उत्साह यह साबित कर रहा है कि खेल केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का सशक्त मंच भी है।

इंटर-स्कूल क्रिकेट प्रतियोगिता के मैच संख्या-23 में नेशनल पब्लिक स्कूल और श्री गोविंद एसएस इंटर कॉलेज के बीच रोमांचक मुकाबला खेला गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए नेशनल पब्लिक स्कूल की टीम 62 रन ही बना सकी। लक्ष्य का पीछा करते हुए श्री गोविंद एसएस इंटर कॉलेज ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सात विकेट से जीत दर्ज की। शांतनु को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया।

मैच संख्या-24 में सेंट फ्रांसिस स्कूल और राजकीय बाल शिक्षा निकेतन के बीच मुकाबला निर्धारित था, लेकिन राजकीय बाल शिक्षा निकेतन की टीम समय पर मैदान पर नहीं पहुंच सकी। प्रतियोगिता के नियमों के अनुसार सेंट फ्रांसिस स्कूल को वॉकओवर देकर विजेता घोषित किया गया।

इंटर-स्पोर्ट्स क्लब क्रिकेट प्रतियोगिता में भी खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन किया। तीसरे मुकाबले में लीथल-11 क्रिकेट क्लब ने मानस नगर क्रिकेट क्लब को आठ विकेट से पराजित कर दिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए मानस नगर क्रिकेट क्लब ने 65 रन बनाए थे। जवाब में लीथल-11 ने आसानी से लक्ष्य हासिल कर लिया। शशि सिंह ने 29 रन, दो विकेट, दो कैच और एक रन आउट के साथ ऑलराउंड प्रदर्शन करते हुए मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार अपने नाम किया।

एक अन्य मुकाबले में ड्रीम ब्लास्टर क्रिकेट क्लब ने द अनप्रिडिक्टेबल क्लब को छह विकेट से हराया। वहीं ब्लेज-11 ने स्टूडेंट ऑफ-11 के खिलाफ दस विकेट से एकतरफा जीत दर्ज की। हृदय ने तीन विकेट लेकर टीम की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और मैन ऑफ द मैच बने।

इसके अलावा पीजीआई मौलवी खेड़ा क्रिकेट क्लब को ईस्ट टाइगर क्रिकेट क्लब की अनुपस्थिति के कारण वॉकओवर मिला, जबकि राइजिंग टाइटंस क्रिकेट क्लब को भी नुर्दी खेड़ा क्रिकेट क्लब के मैदान पर नहीं पहुंचने के कारण विजेता घोषित किया गया।

इस अवसर पर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि सरोजनीनगर स्पोर्ट्स लीग का उद्देश्य युवाओं को खेलों के माध्यम से अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और सकारात्मक सोच से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि खेल मैदानों से निकलने वाली प्रतिभाएं भविष्य में क्षेत्र, प्रदेश और देश का नाम रोशन करेंगी।

उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि यह लीग युवाओं के सपनों को नई उड़ान देने का माध्यम बन रही है और आने वाले समय में और अधिक प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करेगी।

Share this article

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts