माँ शारदा देवी सेवा संस्थान द्वारा मनाया गया अंतरराष्ट्रीय योग दिवस

  • नौजवानों और बच्चों ने किया सामूहिक योगाभ्यास, योग के लाभों की दी गई जानकारी

शकील अहमद

सरोजनीनगर (लखनऊ)। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर माँ शारदा देवी सेवा संस्थान द्वारा लोनहा पिपरसंड स्थित विद्यालय परिसर में योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नौजवानों, युवतियों एवं बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए विभिन्न योगासनों का अभ्यास किया और स्वस्थ जीवन के लिए नियमित योग करने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम का संचालन संस्था के अध्यक्ष द्वारा किया गया। इस दौरान प्रतिभागियों को भुजंगासन, पद्मासन, हस्तपादासन, योग मुद्रा सहित अन्य योगासनों का अभ्यास कराया गया तथा उनके शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य पर पड़ने वाले सकारात्मक प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।

संस्था के अध्यक्ष ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है। नियमित योगाभ्यास से शरीर स्वस्थ रहता है, मानसिक तनाव कम होता है और व्यक्ति के जीवन में अनुशासन एवं सकारात्मकता का विकास होता है। उन्होंने युवाओं से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में सैकड़ों युवा साथियों ने भाग लेकर योग के प्रति अपनी रुचि दिखाई। आयोजन के दौरान उत्साह और सकारात्मक ऊर्जा का वातावरण बना रहा।

इस अवसर पर राहुल पाल, विनय राजभर, श्याम, राहुल रावत, रवि वर्मा, आकाश प्रजापति एवं विनय तिवारी ने कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *