धनतेरस और दीपावली पर बृजमनगंज बाजार में लागू रहेगी नो-एंट्री व्यवस्था, थानाध्यक्ष ने व्यापारियों को दिए निर्देश

सड़क की पटरियों पर दुकान और सामान न फैलाने की अपील, त्योहार पर जाम से बचने के लिए पुलिस प्रशासन का सहयोग करने को कहा
सौरभ जायसवाल
बृजमनगंज, महराजगंज। धनतेरस और दीपावली पर्व पर बाजार में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने और जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए थानाध्यक्ष मदन मोहन मिश्र ने गुरुवार को व्यापारियों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने व्यापारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए त्योहार के दौरान पुलिस प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।
थानाध्यक्ष ने कहा कि त्योहार के समय बाजार में खरीदारों की भारी भीड़ रहती है। ऐसे में थोड़ी सी लापरवाही भी जाम की गंभीर समस्या पैदा कर सकती है। इससे बचने के लिए सभी व्यापारी अपनी दुकानें सड़क की पटरियों को छोड़कर निर्धारित स्थान पर ही लगाएं। सड़क और पटरियों पर सामान फैलाकर न रखें, ताकि राहगीरों और ग्राहकों के आवागमन में बाधा न आए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि बाजार में बड़े वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा और नो-एंट्री व्यवस्था लागू रहेगी। व्यापारियों से अपील की कि त्योहार के दौरान यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें, जिससे खरीदारी के लिए बाजार आने वाले लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो और आवागमन सुचारु बना रहे।
बैठक में व्यापार मंडल अध्यक्ष किशन जायसवाल मंटू, रूपनरायन जायसवाल, राजन जायसवाल, मोहित वर्मा, राजकुमार वर्मा, शिवा जायसवाल समेत अन्य व्यापारी मौजूद रहे।
