डीएम की अध्यक्षता में कृषि विभाग की समीक्षा बैठक सम्पन्न

धान खरीद एवं खाद की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के दिए गए निर्देश
रायबरेली। जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में कृषि विभाग से संबंधित समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में जनपद में धान खरीद की प्रगति, धान क्रय केंद्रों के संचालन, सहकारी समितियों में खाद की उपलब्धता तथा निजी शीतगृहों में भंडारित आलू के भंडारण प्रभार पर अनुदान योजना, मत्स्य पालन इत्यादि की विस्तृत समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जनपद के शत-प्रतिशत धान क्रय केंद्रों पर धान खरीद सुचारु रूप से संचालित कराई जाए तथा सभी केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं, जिससे किसानों को धान विक्रय में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
उन्होंने धान क्रय केंद्रों पर खरीद की स्थिति एवं सहकारी समितियों में खाद की उपलब्धता का जनपद स्तरीय अधिकारियों के माध्यम से स्थलीय सत्यापन कराने के निर्देश दिए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) अमित कुमार, जिला विकास अधिकारी वर्षा सिंह, उप निदेशक कृषि हिमांशु पाण्डेय, जिला उद्यान अधिकारी जयराम वर्मा, जिला खाद्य विपणन अधिकारी कमलेश कुमार सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
