रायबरेली रिंग रोड फेज-2 का डीएम ने किया निरीक्षण, 55% निर्माण कार्य पूरा

  • 22 किलोमीटर लंबी फोरलेन परियोजना का 55 प्रतिशत कार्य पूरा, अप्रैल 2027 तक निर्माण पूरा करने का लक्ष्य

रायबरेली। जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका ने गुरुवार को रिंग रोड फेज-02 के निर्माणाधीन कार्य का स्थलीय निरीक्षण कर परियोजना की प्रगति, गुणवत्ता तथा निर्धारित समयसीमा के अनुरूप कार्यों का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यदायी संस्था एवं संबंधित अधिकारियों से परियोजना की वर्तमान स्थिति, निर्माण की गुणवत्ता, भूमि अधिग्रहण तथा अन्य तकनीकी बिंदुओं की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।

अधिकारियों ने जिलाधिकारी को अवगत कराया कि रिंग रोड फेज-02 चार लेन की परियोजना है, जिसकी कुल लंबाई लगभग 22 किलोमीटर है। परियोजना को 30 अप्रैल 2027 तक पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

वर्तमान में निर्माण कार्य की भौतिक प्रगति लगभग 55 प्रतिशत हो चुकी है। परियोजना में तीन रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) तथा चार प्रमुख जंक्शन-लखनऊ रोड, कानपुर रोड, फतेहपुर (डलमऊ) रोड एवं प्रयागराज रोड शामिल हैं।

जिलाधिकारी ने निर्माणाधीन मार्ग का निरीक्षण करते हुए कार्यदायी संस्था को निर्देश दिए कि परियोजना से जुड़े सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप उच्च गुणवत्ता के साथ समयबद्ध रूप से पूरे किए जाएं।

उन्होंने कहा कि रिंग रोड फेज-02 जनपद की यातायात व्यवस्था को अधिक सुगम एवं सुरक्षित बनाने के साथ-साथ शहर में बढ़ते यातायात दबाव को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा, इसलिए परियोजना को निर्धारित समय के भीतर पूरा कराया जाए।

उन्होंने निर्माण कार्य में प्रयुक्त सामग्री की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने तथा परियोजना को समयसीमा के भीतर पूरा करने के लिए आवश्यक संसाधनों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) विशाल यादव, अधिशासी अभियंता सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय वरुण वार्षणेय सहित संबंधित अधिकारी एवं कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Share this article

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts