- बृजमनगंज के बदलबाग स्थित बूचड़खाने पहुंचे अधिकारी, शांतिपूर्ण तरीके से पर्व मनाने और अफवाहों से बचने की अपील
सौरभ जायसवाल
बृजमनगंज, महराजगंज। बृजमनगंज थाना क्षेत्र के ग्राम सभा लेहरा स्थित बदलबाग टोला में बने बूचड़खाने का बुधवार रात जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल और पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित लोगों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
रात करीब सवा आठ बजे पहुंचे अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि पशुओं का वध केवल शासन और कानून द्वारा निर्धारित नियमों के अनुसार ही किया जाए। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि किसी भी परिस्थिति में प्रतिबंधित पशुओं का वध स्वीकार नहीं किया जाएगा और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बूचड़खाने की साफ-सफाई और अवशेषों के निस्तारण को लेकर भी निर्देश जारी किए। जिलाधिकारी ने कहा कि वध किए गए पशुओं के अवशेष खुले में या इधर-उधर नहीं फेंके जाएं, बल्कि उन्हें नियमानुसार जमीन में दबाकर निस्तारित किया जाए, ताकि स्वच्छता व्यवस्था बनी रहे और लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने उपस्थित लोगों से आगामी पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता कानून व्यवस्था बनाए रखना और सभी समुदायों के बीच आपसी भाईचारा कायम रखना है।
वहीं पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील करते हुए कहा कि यदि किसी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या विवाद की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर भ्रामक सूचनाएं फैलाने वालों पर भी निगरानी रखी जा रही है।
इस अवसर पर पुलिस क्षेत्राधिकारी दीप शिखा वर्मा, एसडीएम शैलेंद्र कुमार गौतम और थानाध्यक्ष मदन मोहन मिश्रा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।













