बृजमनगंज के कोल्हुई तिराहे पर टेंपो-रिक्शा चालकों का कब्जा, दुकानदारों ने उठाई कार्रवाई की मांग

  • मुख्य सड़क और दुकानों के सामने घंटों खड़े रहते हैं वाहन, जाम और व्यापार प्रभावित होने से बढ़ी परेशानी

सौरभ जायसवाल

बृजमनगंज, महराजगंज। आदर्श नगर पंचायत बृजमनगंज के सबसे व्यस्त इलाकों में शामिल कोल्हुई तिराहा इन दिनों अव्यवस्था और अतिक्रमण की समस्या से जूझ रहा है। तिराहे पर टेंपो और रिक्शा चालकों द्वारा मुख्य सड़क और दुकानों के सामने वाहन खड़े कर सवारी भरने का इंतजार किए जाने से स्थानीय दुकानदारों और आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय व्यापारियों का आरोप है कि वाहन चालक घंटों तक दुकानों के ठीक सामने टेंपो और रिक्शा खड़ा कर देते हैं, जिससे ग्राहक दुकानों तक पहुंच ही नहीं पाते। कई बार सड़क पर जाम जैसी स्थिति बन जाती है और खरीदारी करने आए लोग बिना सामान लिए वापस लौट जाते हैं। व्यापारियों का कहना है कि इसका सीधा असर उनके कारोबार पर पड़ रहा है।

दुकानदारों के मुताबिक कई बार चालकों को समझाने का प्रयास किया गया, लेकिन स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ। आरोप है कि कुछ चालक मनमाने तरीके से सड़क किनारे वाहन खड़ा कर देते हैं, जिससे राहगीरों और अन्य वाहन चालकों को भी आने-जाने में कठिनाई होती है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि सुबह और शाम के समय स्थिति सबसे ज्यादा खराब हो जाती है। बाजार में बढ़ती भीड़ और सड़क किनारे खड़े वाहनों के कारण लोगों को पैदल निकलना भी मुश्किल हो जाता है।

व्यापारियों ने नगर पंचायत प्रशासन और पुलिस विभाग से मांग की है कि कोल्हुई तिराहे पर टेंपो और रिक्शा के लिए स्थायी स्टैंड की व्यवस्था कराई जाए। साथ ही दुकानों और मुख्य सड़क के सामने वाहन खड़ा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाए, ताकि बाजार क्षेत्र में यातायात व्यवस्था सुचारु हो सके और व्यापारियों को राहत मिल सके।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते व्यवस्था नहीं सुधारी गई तो आने वाले दिनों में समस्या और गंभीर हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *