डीएम-एसपी ने तहसील लालगंज में सम्पूर्ण समाधान दिवस में फरियादियों की सुनी समस्याएं

  • शिकायतों का समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण से निस्तारण कराए अधिकारी – डीएम
  • सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 109 शिकायतें आयी, 12 का तत्काल हुआ निस्तारण

रायबरेली। विधायक सरेनी देवेन्द्र प्रताप सिंह, जिलाधिकारी हर्षिता माथुर एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह की उपस्थिति में तहसील लालगंज में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान अधिकारियों ने मौके पर उपस्थित फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि जनसामान्य की शिकायतों का स्थानीय स्तर पर त्वरित समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से तहसीलों और थानों में नियमित रूप से सम्पूर्ण समाधान दिवस आयोजित किए जाते हैं, ताकि नागरिक अपनी समस्याएं सीधे प्रशासन के समक्ष रख सकें।

उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें तथा यदि किसी प्रकरण में बाधा हो तो उसका कारण स्पष्ट रूप से अवगत कराएं।

जिलाधिकारी ने जानकारी दी कि तहसील लालगंज में आयोजित समाधान दिवस के दौरान कुल 109 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें राजस्व विभाग से 39, पुलिस से 33, विकास से 07, समाज कल्याण से 01 तथा अन्य विभागों से 29 प्रकरण शामिल रहे। इनमें से 12 प्रकरणों का निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया, जबकि शेष प्रकरणों को संबंधित विभागों को इस निर्देश के साथ सौंपा गया कि उनका निस्तारण एक सप्ताह के भीतर सुनिश्चित कराया जाए।

पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने भी पुलिस से संबंधित मामलों की सुनवाई की और अधीनस्थ अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इसके पश्चात डीएम-एसपी ने तहसील परिसर में बिजली बिल राहत योजना के अंतर्गत लगाए गए शिविर का निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने बताया कि इस योजना के तहत बिजली उपभोक्ताओं को 100 प्रतिशत सरचार्ज में माफी तथा मूलधन पर 25 प्रतिशत तक की छूट प्रदान की जा रही है, ताकि बकाएदारों को राहत मिल सके।

कार्यक्रम में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. नवीन चंद्रा, उप जिलाधिकारी लालगंज मिथिलेश कुमार त्रिपाठी, परियोजना निदेशक डीआरडीए सतीश प्रसाद मिश्रा, क्षेत्राधिकारी लालगंज अमित सिंह सहित संबंधित जिला स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।

Share this article

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts