रायबरेली में डीएम सख्त: निर्माण कार्य समय पर पूरे न करने पर होगी पेनाल्टी

रायबरेली। जनपद में चल रहे निर्माण कार्यों की रफ्तार और गुणवत्ता को लेकर जिला प्रशासन अब पूरी तरह सख्त नजर आ रहा है। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित सीएम डैशबोर्ड की समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी हर्षिता माथुर ने साफ शब्दों में कहा कि समय सीमा के भीतर कार्य पूरा न करने वाली कार्यदायी संस्थाओं को चिन्हित कर पेनाल्टी लगाई जाएगी।

बैठक में निर्माणाधीन सड़क परियोजनाओं, अन्य विकास कार्यों और जनवरी माह की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि सड़कों का नवीनीकरण और मरम्मत कार्य प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण तरीके से और तय समय सीमा में पूर्ण कराया जाए।

डीएम ने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए निर्माण सामग्री की समय-समय पर सैंपलिंग कर जांच कराई जाए। उन्होंने कहा कि अधूरे और लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा कराया जाए ताकि आम जनता को असुविधा न हो।

सीएम डैशबोर्ड के अंतर्गत चल रही परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि हर परियोजना की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और कार्य में किसी भी प्रकार की ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अंजू लता, अपर जिलाधिकारी (वि.रा.) अमृता सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. नवीन चन्द्रा, जिला विकास अधिकारी अरुण कुमार, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी सुधीर गिरि, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल सिंह, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी महिमा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

प्रशासन का संकेत स्पष्ट है कि जनपद में विकास कार्यों में अब देरी या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्य ही प्राथमिकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *